सबसे ऊंची बोली लगाने से ठेके का अधिकार नहीं मिलता: इलाहाबाद हाईकोर्ट

जनहित और राजस्व हित में सरकार टेंडर निरस्त कर दोबारा निविदा बुला सकती है, सिद्धार्थनगर के खाद्यान्न परिवहन ठेके से जुड़ी याचिका निस्तारित

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा है कि सरकार जनहित और राजस्व हित को ध्यान में रखते हुए टेंडर प्रक्रिया निरस्त कर नए सिरे से निविदाएं आमंत्रित कर सकती है। सबसे ऊंची बोली लगाने वाले व्यक्ति को भी ठेका पाने का कोई निहित अधिकार नहीं है। जब तक सक्षम प्राधिकारी बोली स्वीकार कर औपचारिक अनुबंध नहीं करता, तब तक किसी बोलीदाता का ठेके पर कानूनी अधिकार नहीं बनता। यह आदेश न्यायमूर्ति इंद्रजीत शुक्ला और न्यायमूर्ति प्रकाश पाडिया की खंडपीठ ने मेसर्स शिव अनंत इंटरप्राइजेज की ओर से दाखिल याचिका पर दिया। याचिका में सिद्धार्थनगर जिले के बंसी ब्लॉक में खाद्यान्न परिवहन के ठेके की निविदा निरस्त करने और नए सिरे से टेंडर आमंत्रित करने की कार्रवाई को चुनौती दी गई थी। याची ने निरस्तीकरण आदेश रद्द करने और उसे सबसे कम दर वाला पात्र बोलीदाता मानते हुए कार्यादेश जारी करने की मांग की थी। पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि संबंधित विभाग ने याची को एल-1 (सबसे कम बोलीदाता) की दर पर काम करने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उसने उस समय सहमति नहीं दी। ऐसे में विभाग का टेंडर निरस्त करने का फैसला अनुचित नहीं था। हालांकि, सुनवाई के दौरान याची ने एल-1 की दर पर काम करने की सहमति दे दी। इस पर हाईकोर्ट ने उसे एक सप्ताह के भीतर नया प्रत्यावेदन देने का निर्देश दिया। कोर्ट ने कहा कि यदि कार्यादेश जारी करने में कोई कानूनी बाधा नहीं है तो विभाग याची के पक्ष में कार्यादेश जारी करे। इसी निर्देश के साथ अदालत ने याचिका निस्तारित कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *