पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी करने वालों पर कसेगा शिकंजा, 10 करोड़ तक जुर्माने की सिफारिश

भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए उच्चस्तरीय समिति की दूसरी रिपोर्ट सरकार को सौंपी गई, दोषियों की संपत्ति जब्त करने और विशेष फोर्स बनाने का भी प्रस्ताव

मुंबई। महाराष्ट्र में सरकारी भर्ती और प्रतियोगी परीक्षाओं को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए राज्य सरकार की ओर से गठित उच्चस्तरीय समिति ने अपनी दूसरी रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। अपर मुख्य सचिव वी. राधा की अध्यक्षता वाली समिति ने पेपर लीक, परीक्षा में संगठित गड़बड़ियों और अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए कड़े कानूनी प्रावधानों की सिफारिश की है। रिपोर्ट में संगठित परीक्षा अपराधों में शामिल व्यक्तियों और संस्थाओं को 7 से 10 साल तक की जेल तथा कम से कम 10 करोड़ रुपये जुर्माने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अलावा नुकसान की वसूली और संबंधित आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की भी सिफारिश की गई है। समिति ने गंभीर मामलों की जांच के लिए विशेष कार्यबल (स्पेशल टास्क फोर्स), मुकदमों के त्वरित निपटारे के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतें और जांच की जिम्मेदारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपने का सुझाव दिया है। रिपोर्ट में परीक्षा संचालन व्यवस्था, प्रशासनिक समन्वय, तकनीक के इस्तेमाल, साइबर सुरक्षा और अभ्यर्थियों की सुविधाओं से जुड़े सुधार भी शामिल हैं।
अभ्यर्थियों को परीक्षा शुल्क लौटाने की सिफारिश
रिपोर्ट में उम्मीदवारों के हितों को ध्यान में रखते हुए महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (एमपीएससी) की परीक्षा में शामिल होने के बाद पूरी परीक्षा फीस वापस करने के विकल्प पर विचार करने की सिफारिश की गई है। इसके अलावा उत्तरतालिका पर अभ्यर्थी की आपत्ति सही पाए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए जमा किया गया शुल्क लौटाने का प्रस्ताव भी रखा गया है। राज्य में भर्ती और प्रतियोगी परीक्षा प्रक्रिया में सुधार के लिए 4 सितंबर 2026 को शासन निर्णय के तहत उच्चस्तरीय समिति गठित की गई थी। समिति ने एमपीएससी की गट-क परीक्षा से संबंधित अपनी पहली रिपोर्ट 4 नवंबर 2026 को सौंपी थी। दूसरी रिपोर्ट 23 नवंबर 2026 को सरकार को प्रस्तुत की गई। समिति कुल चार चरणों में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
पेपर लीक कानून में सजा बढ़ाने का प्रस्ताव
समिति ने महाराष्ट्र स्पर्धा परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 में महत्वपूर्ण संशोधन करने की सिफारिश की है। इसका उद्देश्य पेपर लीक, संगठित परीक्षा अपराध और अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर प्रभावी रोक लगाना है। प्रस्तावित बदलावों के तहत अलग-अलग श्रेणियों के दोषियों के लिए सजा और जुर्माने की सीमा बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।
संगठित परीक्षा अपराध में शामिल व्यक्ति और संस्थाएं: मौजूदा प्रावधान में 5 से 10 साल की जेल और कम से कम एक करोड़ रुपये जुर्माने का प्रावधान है। समिति ने इसे बढ़ाकर 7 से 10 साल की जेल और कम से कम 10 करोड़ रुपये जुर्माना करने के साथ नुकसान की वसूली तथा संपत्ति जब्त करने की सिफारिश की है।
अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थी या व्यक्ति: मौजूदा कानून में 3 से 5 साल की जेल और 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। समिति ने इसे बढ़ाकर 5 से 10 साल की जेल और 50 लाख रुपये तक जुर्माना करने का प्रस्ताव दिया है।
गड़बड़ी में शामिल सेवा प्रदाता संस्थाएं: वर्तमान में एक करोड़ रुपये तक जुर्माना, परीक्षा खर्च की वसूली और चार साल तक प्रतिबंध का प्रावधान है। समिति ने जुर्माने की सीमा पांच करोड़ रुपये और प्रतिबंध की अवधि आठ साल करने की सिफारिश की है।
सेवा प्रदाता संस्थाओं के संचालक और प्रबंधन: यदि संचालक, प्रबंधन से जुड़े व्यक्ति या प्रभारी अधिकारी परीक्षा में गड़बड़ी में शामिल पाए जाते हैं, तो उनके लिए 5 से 10 साल की जेल और पांच करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रस्ताव है। मौजूदा कानून में 3 से 10 साल की जेल और एक करोड़ रुपये जुर्माने का प्रावधान बताया गया है।
समिति का मानना है कि परीक्षा में होने वाली गड़बड़ियों का स्वरूप जटिल और कई स्तरों वाला होता है। इसलिए ऐसे मामलों की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के माध्यम से कराई जानी चाहिए। वर्तमान व्यवस्था में पुलिस उपअधीक्षक या सहायक पुलिस आयुक्त स्तर के अधिकारी जांच करते हैं। समिति ने जिलों में कम से कम अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस आयुक्तालय क्षेत्रों में कम से कम पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपने की सिफारिश की है। इससे परीक्षा में गड़बड़ी के पीछे सक्रिय संगठित नेटवर्क, संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं की भूमिका की जांच अधिक प्रभावी तरीके से करने में मदद मिलने की उम्मीद है। समिति की इन सिफारिशों पर अब राज्य सरकार को निर्णय लेना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *