पाकिस्तान-पीओके के संदिग्धों से संपर्क के आरोप में मेरठ से उजैद गिरफ्तार

सोशल मीडिया ग्रुप बनाकर किशोरों को भड़काऊ ऑडियो भेजने का आरोप, सेना के कैंप पर फिदायीन हमले की साजिश की भी जांच

मेरठ, उत्तर प्रदेश। पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) के संदिग्ध व्यक्तियों के संपर्क में रहकर सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने के आरोप में मेरठ पुलिस ने बनियापाड़ा निवासी उजैद को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ऑनलाइन कट्टरपंथी नेटवर्क और उससे जुड़े लोगों की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस के अनुसार, उजैद करीब 10 महीने से वांछित था। मंगलवार को कोतवाली पुलिस और स्वॉट टीम नगर ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया। जम्मू में आतंकी गतिविधियों से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान उसकी इंस्टाग्राम आईडी सामने आई थी। पुलिस का दावा है कि वह इंस्टाग्राम, सेशन और सिग्नल जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तान और पीओके के संदिग्ध लोगों के संपर्क में था।
जम्मू के बाहु फोर्ट थाने में 24 नवंबर 2025 को आतंकी गतिविधियों से संबंधित मुकदमा दर्ज किया गया था। इसकी विवेचना के दौरान जम्मू पुलिस को मेरठ की एक इंस्टाग्राम आईडी सहित चार संदिग्ध आईडी मिली थीं। जांच आगे बढ़ने पर बनियापाड़ा निवासी उजैद का नाम सामने आया। इसके बाद जम्मू पुलिस ने मेरठ पुलिस के सहयोग से जनवरी और फरवरी 2026 में उसकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं आया। बाद में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने एसपी सिटी के नेतृत्व में टीम गठित की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया। एसएसपी के मुताबिक, पूछताछ में उजैद ने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर भारत विरोधी सामग्री देखने की बात स्वीकार की है। वह मौलाना मसूद अजहर सहित कुछ लोगों के वीडियो भी देखता था। पुलिस के अनुसार, एक वीडियो पर उसने ‘हम भी तैयार हैं’ टिप्पणी की थी, जिसके बाद जम्मू निवासी मोहम्मद साजिद उसके संपर्क में आया। आरोप है कि दोनों सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड एप के जरिए बातचीत करते थे। पुलिस अब उनके बीच हुई बातचीत और संपर्क के अन्य माध्यमों की जांच कर रही है। पुलिस जांच में ट्यूशन-40, ब्रिगेड और अल मुजाहिद नाम से सोशल मीडिया ग्रुप संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का दावा है कि इन ग्रुपों में पाकिस्तान और पीओके से जुड़े संदिग्ध लोग भी शामिल थे और उजैद उनकी गतिविधियों में अहम भूमिका निभा रहा था। आरोप है कि वह किशोरों को भड़काऊ ऑडियो भेजकर कट्टरपंथी गतिविधियों और जिहाद के लिए उकसाने का प्रयास करता था। पुलिस के मुताबिक, ऑडियो भेजने के बाद उन्हें डिलीट कर दिया जाता था। पूछताछ में नवंबर 2025 के दौरान सेना के किसी बड़े कैंप या सैन्य काफिले पर फिदायीन हमले की साजिश से जुड़े इनपुट भी सामने आए हैं। पुलिस का दावा है कि इस कथित योजना में मोहम्मद साजिद को रेकी की जिम्मेदारी और उजैद को हथियार तथा विस्फोटक जैकेट उपलब्ध कराने के साथ हमले को अंजाम देने की भूमिका सौंपे जाने की बात सामने आई है। जांच में गुरेज वैली के रास्ते प्रशिक्षण और हथियार-विस्फोटक उपलब्ध कराने से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार, एक व्हाट्सएप ग्रुप के तार मुजाहिदीन, लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट तक पहुंचने की जानकारी मिली है। जांच एजेंसियां अब ग्रुप के सदस्यों, डिजिटल संपर्कों और कथित साजिश में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के साथ उजैद की वास्तविक भूमिका का पता लगा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *