सिंहस्थ-2028 से पहले उज्जैन स्टेशन पर लगेगा 150 किलोवाट का सोलर प्लांट

240 पैनलों से हर साल 20.40 लाख रुपये की बचत, 181 टन कार्बन उत्सर्जन घटने का अनुमान

रतलाम, मध्य प्रदेश। वर्ष 2028 में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों के तहत पश्चिम रेलवे का रतलाम मंडल उज्जैन रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा दे रहा है। इसी क्रम में प्लेटफॉर्म नंबर 8 की ओर निर्माणाधीन करीब 3600 वर्ग मीटर के यात्री सुविधा केंद्र (पैसेंजर होल्डिंग एरिया) की छत पर 150 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के तहत 600 से 625 वॉट क्षमता के कुल 240 सोलर पैनल लगाए जाएंगे। मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल बिजली इंजीनियर (पावर) धर्मेंद्र कुमार प्रजापति के निर्देशन में परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। सोमवार को पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि सोलर प्लांट से प्रतिवर्ष लगभग 2.55 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होने का अनुमान है। इससे रेलवे को हर साल करीब 20.40 लाख रुपये की बचत होगी और लगभग 181 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आएगी। पहले यात्री सुविधा केंद्र के लिए 120 किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट प्रस्तावित था, जिसे बढ़ाकर अब 150 किलोवाट कर दिया गया है। इसके लिए टेंडर आवंटित किए जा चुके हैं और जल्द ही स्थापना का काम शुरू होगा। परियोजना की खास बात यह है कि सोलर पैनल लगाने के लिए शेड की छत में ड्रिलिंग नहीं की जाएगी। इसके स्थान पर विशेष मोनो रेल और एडहेसिव बॉन्डिंग तकनीक का इस्तेमाल होगा, जिससे छत की संरचना सुरक्षित रहेगी और वर्षा जल का प्राकृतिक प्रवाह भी प्रभावित नहीं होगा। सिंहस्थ-2028 के मद्देनजर तैयार की जा रही यह सुविधा रेलवे की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के साथ स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण और हरित रेलवे की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *