आकाश आनंद का भाजपा और सपा-कांग्रेस पर हमला, बोले- डबल इंजन सरकार में कोई दलित डिप्टी सीएम नहीं

एत्मादपुर में बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में शिक्षा और रोजगार को बनाया चुनावी मुद्दा, मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील

आगरा, उत्तर प्रदेश। आगरा जिले के एत्मादपुर स्थित मॉडल स्कूल मैदान में आयोजित बहुजन समाज पार्टी के विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। भाजपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार है और दो उपमुख्यमंत्री भी हैं, लेकिन इनमें कोई दलित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा को पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश के लिए कोई दलित नेता क्यों नहीं मिला।
पीडीए के नाम पर रंग बदल रही सपा: आकाश आनंद
आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी निशाने पर लिया। उन्होंने सपा पर पीडीए के नाम पर अपना रुख बदलने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी गिरगिट की तरह रंग बदल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि ऐसे लोगों को पहचानने की जरूरत है। आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि यही वे लोग हैं, जिन्होंने संसद में एससी-एसटी एक्ट में प्रमोशन का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी आगामी चुनाव शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर लड़ेगी। साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से मायावती को पांचवीं बार उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए जुटने का आह्वान किया।
सम्मेलन में उमड़ी भीड़, हाईवे पर लगा लंबा जाम
आकाश आनंद को सुनने के लिए सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए समर्थकों के कारण कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ रही। सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। कार्यकर्ताओं की अलग-अलग टीमें बनाकर मंच, पेयजल और अनुशासन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सम्मेलन के चलते हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ और करीब एक किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोनों ओर वाहन घंटों तक जाम में रेंगते रहे। स्थिति ऐसी हो गई कि वाहन चालकों को एत्मादपुर कस्बे के बाजारों से होकर गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *