पशुपालन विभाग की 21 योजनाएं ऑनलाइन होंगी, इसी महीने मुख्यमंत्री करेंगे शुभारंभ

बकरी-भेड़ पालन, डेयरी और मुर्गीपालन के लिए मिलेगा सरकारी अनुदान, किसानों, बेरोजगार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर

मुंबई। महाराष्ट्र के पशुपालन विभाग की व्यक्तिगत लाभ वाली 21 योजनाओं का इसी महीने ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शुभारंभ किया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की उपस्थिति में इन योजनाओं की शुरुआत होगी। पशुपालन मंत्री पंकजा मुंडे ने यह जानकारी दी। बुधवार को मंत्रालय में पशुपालन विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के लिए मंत्री पंकजा मुंडे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें विभाग के प्रधान सचिव एन. रामास्वामी, संयुक्त आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। पंकजा मुंडे ने बताया कि इन योजनाओं के तहत बकरी-भेड़ पालन, दुधारू गाय-भैंस के पालन, मुर्गीपालन और अन्य पशुपालन व्यवसायों के लिए आर्थिक सहायता तथा सरकारी अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा। इससे किसानों, बेरोजगार युवक-युवतियों और महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
महाआईटी के सहयोग से तैयार हुआ ऑनलाइन पोर्टल
पशुपालन विभाग ने महाआईटी के सहयोग से ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया है। इच्छुक आवेदक ‘महा आईडी’ बनाकर पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन भरने की सुविधा मराठी भाषा में भी उपलब्ध होगी। मंत्री के अनुसार, इन 21 योजनाओं के लिए वित्तीय सहायता तीन माध्यमों से दी जाएगी। राज्य सरकार की नौ योजनाएं, जिला वार्षिक योजना की नौ योजनाएं और अहिल्यादेवी महाराष्ट्र भेड़ एवं बकरी विकास महामंडल की तीन योजनाएं इसमें शामिल हैं।
डेयरी, बकरी-भेड़ पालन और मुर्गीपालन के लिए परियोजनाएं
विभागीय प्रस्तुतीकरण के अनुसार, राज्यस्तरीय योजनाओं में पांच दुधारू गाय या भैंस का प्रकल्प, 50 बकरियों या भेड़ों के साथ पांच नर पशुओं का समूह, पांच हजार अंडा देने वाली मुर्गियों का प्रकल्प और तीन हजार से पांच हजार मांसल मुर्गियों के पालन की योजना शामिल है। इसके अलावा प्रति सप्ताह एक हजार अंडे सेने की क्षमता वाली मशीन, पांच मादा और एक नर के साथ सूअर पालन इकाई, साइलेज (मुरघास) संयंत्र तथा पशुपालन ऋण पर ब्याज में छूट देने की योजनाएं भी शामिल हैं।
जिला वार्षिक योजना में छोटे पशुपालकों को भी सहायता
जिला वार्षिक योजनाओं के तहत एक या दो दुधारू पशुओं के समूह का वितरण किया जाएगा। इसके साथ पांच बकरियों या भेड़ों के साथ एक नर तथा 10 बकरियों या भेड़ों के साथ एक नर के समूह उपलब्ध कराने की योजना है। इन योजनाओं में 500 मुर्गियों का वितरण, हाइड्रोपोनिक चारा उत्पादन और मिनी टीएमआर उपकरण के लिए अनुदान भी शामिल है।
महामंडल के माध्यम से भी मिलेंगी योजनाएं
अहिल्यादेवी महाराष्ट्र भेड़ एवं बकरी विकास महामंडल के माध्यम से राजे यशवंतराव होळकर महामेष योजना सहित तीन योजनाएं संचालित की जाएंगी। इन योजनाओं के जरिए भेड़ और बकरी पालन से जुड़े लाभार्थियों को सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। सरकार का उद्देश्य इन योजनाओं के माध्यम से पशुपालन व्यवसाय को प्रोत्साहन देना, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाना और किसानों तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *