मुंबई एयरपोर्ट पर 2.26 करोड़ रुपये का सोना जब्त, दो यात्री गिरफ्तार
ब्लूटूथ स्पीकर और इलेक्ट्रिक प्रेस में छिपाकर की जा रही थी तस्करी, कस्टम विभाग ने चार अलग-अलग मामलों में की कार्रवाई

मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने सोमवार को सोने की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2.26 करोड़ रुपये का सोना जब्त किया है। इस मामले में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने 16 और 17 नवंबर की मध्यरात्रि चार अलग-अलग मामलों में यह कार्रवाई की। कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, इन चार मामलों में कुल 1 किलो 910 ग्राम सोना जब्त किया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 2.26 करोड़ रुपये बताई गई है। जब्त सोने में 24 कैरेट की सोने की ईंटें और टुकड़े शामिल हैं। इसके अलावा 22 कैरेट के कच्चे सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
ब्लूटूथ स्पीकर और इलेक्ट्रिक प्रेस में छिपाया था सोना
तस्करी करने वालों ने कस्टम अधिकारियों की नजरों से बचने के लिए सोने को ब्लूटूथ स्पीकर और इलेक्ट्रिक प्रेस के अंदर छिपा रखा था। हालांकि, एयर इंटेलिजेंस यूनिट के अधिकारियों ने जांच के दौरान तस्करी के इस तरीके का खुलासा कर दिया। कार्रवाई में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की आगे जांच जारी है।
