महाराष्ट्र में देश की पहली सल्फर डाइऑक्साइड उत्सर्जन व्यापार योजना होगी लागू
प्रदूषण कम करने वाले उद्योग अतिरिक्त परमिट बेच सकेंगे, एआई और मशीन लर्निंग से होगी औद्योगिक इकाइयों की निगरानी

मुंबई। महाराष्ट्र में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल देश की पहली सल्फर डाइऑक्साइड (SO₂) उत्सर्जन व्यापार योजना लागू करने जा रहा है। इस योजना से राज्य के करीब 13 करोड़ नागरिकों को स्वच्छ हवा का लाभ मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को यह जानकारी पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री पंकजा मुंडे ने दी। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और आर्थिक विकास के बीच संतुलन बनाए रखते हुए उद्योगों के सहयोग से प्रदूषण नियंत्रण के प्रभावी उपाय विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
एमिशन्स मार्केट एक्सीलरेटर के सहयोग से लागू होने वाली इस योजना के तहत औद्योगिक इकाइयों को निर्धारित उत्सर्जन सीमा के अनुसार परमिट दिए जाएंगे। जो उद्योग निर्धारित सीमा से अधिक उत्सर्जन में कटौती करेंगे, वे अपने अतिरिक्त परमिट अन्य उद्योगों को बेच सकेंगे। वहीं, जिन उद्योगों को उत्सर्जन सीमा का पालन करने के लिए अतिरिक्त परमिट की जरूरत होगी, वे इन्हें खरीद सकेंगे। इस बाजार आधारित व्यवस्था से उद्योगों को प्रदूषण कम करने के लिए आर्थिक प्रोत्साहन मिलेगा और उत्सर्जन नियंत्रण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सकेगी।
औद्योगिक निगरानी में एआई और मशीन लर्निंग का इस्तेमाल
इसी कार्यक्रम में महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल और यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो ट्रस्ट के बीच पर्यावरणीय नियमन तथा औद्योगिक निरीक्षण में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और मशीन लर्निंग के उपयोग को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) किया गया। इस तकनीक की मदद से पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने की आशंका वाले औद्योगिक प्रतिष्ठानों की पहचान की जा सकेगी। इससे निरीक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी और प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। मंत्री पंकजा मुंडे ने विश्वास जताया कि इन पहलों से आधुनिक तकनीक के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अध्यक्ष सिद्धेश रामदास कदम, शिकागो विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र के प्रोफेसर मिल्टन फ्रीडमैन तथा एनर्जी पॉलिसी इंस्टीट्यूट के निदेशक एवं एमिशन्स मार्केट एक्सीलरेटर के सह-अध्यक्ष प्रो. माइकल ग्रीनस्टोन उपस्थित थे।
