मुंबई में काला जादू और श्राप का डर दिखाकर बुजुर्ग दंपति से 6.5 करोड़ की ठगी
चार फ्लैट, सोना, शेयर और जीवनभर की बचत गंवाई, अब किराए के मकान में रहने को मजबूर दंपति

मुंबई। मुंबई के दहिसर में काला जादू और घर पर श्राप होने का डर दिखाकर एक बुजुर्ग दंपति से कथित तौर पर करीब 6.5 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि ठगों ने घर की शुद्धि कराने के नाम पर दंपति को दहिसर और बोरीवली स्थित अपने चार फ्लैट बेचने तथा लाखों रुपये के गहने और अन्य संपत्ति सौंपने के लिए मजबूर कर दिया। जीवनभर की जमा पूंजी गंवाने के बाद अब दंपति किराए के मकान में रहने को मजबूर है। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता पार्वती (बदला हुआ नाम) 69 वर्षीय महिला हैं। उन्हें पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने फोन के जरिए रमाबाई साने और उमेश अनंत देशपांडे से मिलवाया था। खुद को दैवीय शक्तियों से संपन्न बताने वाली साने ने कथित तौर पर दंपति को बताया कि उनके घर में ‘ईड़ा-पीड़ा’ है और वास्तु दोष तथा बुरे कर्मों के कारण परिवार परेशानियों से घिरा हुआ है। आरोप है कि वर्ष 2018 में आरोपियों ने आंध्र प्रदेश के वुंडू मठ की ‘बाईसाहब’ और 108 वर्षीय ‘गुरुवर्य’ का हवाला देकर दंपति का भरोसा जीता। इसके बाद उन्हें डराया गया कि उनके फ्लैट, गहनों और पैसों पर काला जादू किया गया है। आरोपियों ने चेतावनी दी कि यदि इन संपत्तियों का इस्तेमाल किया गया तो उनके पति और बच्चों को नुकसान हो सकता है। कथित तौर पर इसी डर का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर और संपत्ति की शुद्धि के नाम पर दंपति से उनकी संपत्ति बिकवा दी।
फ्लैट, सोना और शेयर समेत करोड़ों की संपत्ति हड़पने का आरोप
पुलिस के अनुसार, ठगी गई संपत्ति में दहिसर और बोरीवली के चार फ्लैट बेचने से मिले 3.02 करोड़ रुपये, 1.60 करोड़ रुपये के शेयर, करीब 36 लाख रुपये कीमत के 1,200 ग्राम सोने के गहने, बैंक और पोस्ट ऑफिस में जमा 45 लाख रुपये तथा पांच लाख रुपये का घरेलू फर्नीचर शामिल है। आरोपियों ने कथित तौर पर दंपति को आंध्र प्रदेश के गुरुवर्य मठ में निर्माण कार्य के नाम पर नयन जाधव से 90 लाख रुपये का कर्ज लेने के लिए भी मजबूर किया। इस तरह दंपति आर्थिक रूप से पूरी तरह टूट गया।
पड़ोसी की सलाह पर पुलिस तक पहुंची पीड़िता
हाल ही में पार्वती ने हैदराबाद जाने के लिए अपने मौजूदा पड़ोसी से 24 हजार रुपये उधार मांगे। पड़ोसी ने जब इसकी वजह पूछी तो उन्होंने अपने साथ हुई पूरी घटना बताई। इसके बाद पड़ोसियों ने उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, मलाड-डिंडोशी पुलिस ने मुख्य आरोपी उमेश देशपांडे को गिरफ्तार किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ठगी के दौरान आरोपियों ने आवाज बदलकर अलग-अलग पहचान अपनाई थी। देशपांडे कथित तौर पर ‘गुरुवर्य’, वृषाली गायकवाड़ ‘रमाबाई’ और अश्विनी गायकवाड़ ‘बाईसाहब’ बनकर बात करते थे। रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर धोखाधड़ी स्वीकार की और दंपति को 80 लाख रुपये लौटाए। मुख्य आरोपियों के अलावा नचिकेत रसाल, विशाल गायकवाड़, उर्वशी गायकवाड़, प्रसेनजीत रसाल, संतोष सानप और नयन जाधव को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। यह मामला अंधविश्वास और भय का सहारा लेकर बुजुर्गों को निशाना बनाने वाले कथित ठगी गिरोहों की गंभीरता को उजागर करता है। पुलिस अब मामले के सभी आरोपियों की भूमिका और ठगी की पूरी रकम से जुड़े लेनदेन की जांच कर रही है।
