त्योहारों पर यात्रियों के लिए पश्चिम रेलवे की दो वन-वे स्पेशल ट्रेनें
कल से मुंबई सेंट्रल से अयोध्या कैंट और उधना से छपरा के लिए चलेंगी विशेष ट्रेनें, बुकिंग शुरू

मुंबई। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने 16 नवंबर 2026 को मुंबई सेंट्रल से अयोध्या कैंट और उधना से छपरा के लिए विशेष किराये पर दो वन-वे स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों से उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 09141 मुंबई सेंट्रल-अयोध्या कैंट स्पेशल सोमवार, 16 नवंबर को मुंबई सेंट्रल से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 9 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। रास्ते में इस ट्रेन का ठहराव बोरीवली, पालघर, वापी, वलसाड, सूरत, वडोदरा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, नागदा जंक्शन, कोटा जंक्शन, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना जंक्शन, ईदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, ऐशबाग और बाराबंकी जंक्शन पर होगा।
उधना-छपरा स्पेशल 18 नवंबर को पहुंचेगी
ट्रेन संख्या 09115 उधना-छपरा स्पेशल सोमवार, 16 नवंबर को उधना से शाम 7:45 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बुधवार, 18 नवंबर को सुबह 7:30 बजे छपरा पहुंचेगी। मार्ग में व्यारा, नंदुरबार, दोंडाइचा, अमलनेर, धरणगांव, भुसावल जंक्शन, खंडवा जंक्शन, इटारसी जंक्शन, जबलपुर, कटनी जंक्शन, सतना जंक्शन, मानिकपुर जंक्शन, प्रयागराज छिवकी जंक्शन, मिर्जापुर, वाराणसी जंक्शन, जौनपुर जंक्शन, शाहगंज जंक्शन, आजमगढ़, मऊ जंक्शन, रसड़ा और बलिया स्टेशनों पर ठहराव रहेगा।
