यम द्वितीया पर चित्रगुप्त मंदिर में हुआ भव्य पूजन
विधायक पंकज गुप्ता रहे मुख्य अतिथि, भजन-गीतों और डांडिया की धुन पर झूमे चित्रांश समाज के लोग

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। दीपावली के पावन पर्व पर यम द्वितीया के अवसर पर इब्राहिम बाग स्थित चित्रगुप्त मंदिर परिसर में अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के तत्वावधान में भगवान श्री चित्रगुप्त जी का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने कलम-दवात के साथ भगवान चित्रगुप्त की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर रायबरेली की महासभा महिला अध्यक्ष सीमा श्रीवास्तव और जागरण कॉलेज ऑफ आर्ट्स की शिक्षिका डॉ. वर्षा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के पूर्व सचिव एवं संस्था के वरिष्ठ संरक्षक अरविंद कुमार श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश एवं चित्रगुप्त महाराज की आरती, पूजन और भोग के साथ हुआ। इसके बाद लखनऊ से आए प्रसिद्ध म्यूजिक ग्रुप के पीयूष एवं साथी कलाकारों ने भजनों और फिल्मी गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। संगीत की धुन पर उपस्थित लोग झूम उठे। इस अवसर पर विधायक पंकज गुप्ता, अरविंद कुमार श्रीवास्तव, सीमा श्रीवास्तव, डॉ. वर्षा श्रीवास्तव और उत्तर प्रदेश मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम सिंह का अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया। संस्था के अध्यक्ष पवन निगम ने स्वागत उद्बोधन दिया। वहीं अरविंद कमल ने मंदिर के लिए भूमि उपलब्ध कराने और सभागार निर्माण में सहयोग देने के लिए विधायक पंकज गुप्ता के प्रति आभार जताया। विधायक ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद, देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सहित समाज के महान व्यक्तित्वों के योगदान को याद किया। विशिष्ट अतिथि सीमा श्रीवास्तव ने बच्चों की शिक्षा और सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावकों को पारंपरिक शिक्षा के साथ बच्चों को कला, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान दिव्या श्रीवास्तव, पूर्ति अवस्थी और महिला अध्यक्ष दीपा निगम ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कराई, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद आयोजित डांडिया उत्सव में महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंग-बिरंगी प्रस्तुतियों के बीच चित्रांश समाज के लोगों ने जमकर डांडिया खेला। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रभात सिन्हा ने किया। अंत में संस्था के सदस्य एवं कॉमेडियन लक्ष्य निगम के पिता अनुज निगम तथा संस्था के संरक्षक अशोक चौधरी के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सचिव सौरभ श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और आयोजन में योगदान देने वालों का आभार व्यक्त किया। साथ ही नीरज निगम और राज टेंट हाउस के विशेष सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
