यूपी के 25 लाख युवाओं को मिलेंगे टैबलेट, सीएम योगी ने लखनऊ से किया महाअभियान का शुभारंभ
जनजातीय गौरव दिवस पर लखनऊ मंडल के 53 हजार से अधिक विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित, बोले- युवाओं की शक्ति से विकास की नई गाथा लिख रहा उत्तर प्रदेश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को राजधानी के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत टैबलेट वितरण के नए चरण का शुभारंभ किया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 25 लाख अतिरिक्त विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जिलों के 300 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों के 53 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए। युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा राज्य है। 15 से 35 वर्ष की आयु के युवाओं में बजरंगबली जैसी शक्ति है और उनके शब्दकोश में असंभव जैसा कोई शब्द नहीं होना चाहिए। उन्होंने महारानी लक्ष्मीबाई, वीर सावरकर, महाराणा प्रताप और स्वामी विवेकानंद के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र और प्रदेश के भविष्य को नई दिशा देती है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से टैबलेट का उपयोग केवल मनोरंजन के लिए नहीं, बल्कि ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण माध्यम के रूप में करने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि युवा अपने डिजिटल उपकरणों के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के प्रति भी जागरूक रहें। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और अथक परिश्रम के बल पर डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास की नई गाथा लिख रहा है।

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना, बोले- अब यूपी में माफिया राज नहीं, कानून का शासन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले सरकारी नौकरियों की भर्तियों में वसूली और अनियमितताओं का बोलबाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौर में परीक्षा कोई देता था और डिग्री किसी दूसरे को मिल जाती थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की छवि बदली है। जिस जमीन पर माफिया कब्जा करना चाहते थे, वहां बुलडोजर कार्रवाई के बाद फॉरेंसिक इंस्टीट्यूट बनाया गया है। आज प्रदेश में माफिया का शासन नहीं, बल्कि कानून का शासन है। इसी बदले माहौल में उत्तर प्रदेश में ब्रह्मोस मिसाइल और राइफल का निर्माण हो रहा है। योजना के नए चरण के लिए प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में 2,374.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। वर्ष 2021 में शुरू हुई इस योजना के तहत पिछले पांच वर्षों में 60 लाख से अधिक युवाओं को लाभ मिल चुका है। 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण के बाद लाभार्थियों की कुल संख्या लगभग 85 लाख हो जाएगी। योजना के दायरे में उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, कौशल विकास, एमएसएमई, दिव्यांगजन सशक्तीकरण और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के विद्यार्थी शामिल हैं। इसके लिए आयु और आय की कोई सीमा निर्धारित नहीं की गई है। टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स और वर्चुअल लैब का लाभ उठा सकेंगे। साथ ही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग और कोडिंग जैसे आधुनिक कौशल सीखने के अवसर मिलेंगे। युवा साथी पोर्टल के माध्यम से छात्रवृत्ति, स्टार्टअप, स्वरोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित जानकारी भी एक ही मंच पर उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
