भोपाल में सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार की मौत, डंपर ने कुचला

रैपिडो बाइक से दफ्तर जा रही थीं सपना कुमारी, अचानक कट मारने से बिगड़ा बाइक का संतुलन, हादसे के बाद बाइक सवार और डंपर चालक फरार
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय महिला पत्रकार सपना कुमारी की मौत हो गई। वह रैपिडो बाइक से अपने निजी न्यूज चैनल के कार्यालय जा रही थीं। इसी दौरान भदभदा चौराहे पर एक अन्य बाइक सवार ने रैपिडो चालक को अचानक कट मार दिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और सपना सड़क पर गिर पड़ीं। तभी पीछे से आ रहे एक डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि सपना की मौके पर ही मौत हो गई। घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे कमला नगर थाना क्षेत्र के भदभदा चौराहे की है। सपना मूल रूप से बिहार की रहने वाली थीं और भोपाल स्थित एक निजी न्यूज चैनल में इंटर्न के रूप में काम कर रही थीं। वह चैनल में आउटपुट का कार्य देखती थीं। हादसे की सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद दोनों वाहन चालक मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, फरार चालकों की तलाश जारी
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे में शामिल बाइक और डंपर की पहचान की जा सके। पुलिस फरार बाइक सवार और डंपर चालक की तलाश कर रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवा महिला पत्रकार की असमय मौत से पत्रकारिता जगत में शोक का माहौल है।
