उन्नाव में पहली बार होगा भव्य लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट, 18 नवंबर को मधुर शर्मा बिखेरेंगे सुरों का जादू

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। जिले के संगीत प्रेमियों के लिए 18 नवंबर की शाम खास होने जा रही है। शुक्लागंज के सहजनी स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी मिनी स्टेडियम में पहली बार बड़े स्तर पर लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मिर्जापुर फिल्म फेम मशहूर गायक मधुर शर्मा अपनी सुरीली आवाज से संगीत प्रेमियों को मंत्रमुग्ध करेंगे। उनके लोकप्रिय गीतों पर दर्शकों के झूमने की उम्मीद है। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह के पुत्र शशांक शेखर सिंह उर्फ सनी सिंह द्वारा किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार, कॉन्सर्ट शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा, जबकि दर्शकों के लिए प्रवेश शाम 4 बजे से पास के आधार पर शुरू होगा। आयोजकों का दावा है कि उन्नाव और शुक्लागंज में इस स्तर का लाइव म्यूजिक शो पहली बार आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले ऐसे कार्यक्रमों का आनंद लेने के लिए लोगों को कानपुर या लखनऊ जाना पड़ता था। कार्यक्रम में सुरक्षा व्यवस्था के लिए 100 से अधिक महिला और पुरुष बाउंसर तैनात रहेंगे। इसके अलावा सिविल पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की भी व्यवस्था रहेगी, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात सुचारु रखा जा सके। महिलाओं, युवतियों और परिवार के साथ आने वाले दर्शकों के लिए अलग एवं सुरक्षित बैठने की व्यवस्था की गई है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा, लेकिन बिना पास किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है। रजिस्ट्रेशन के बाद निराला प्रेक्षागृह और शुक्लागंज में वी-मार्ट के बगल में संपर्क कर प्रवेश पास प्राप्त किया जा सकेगा। सोशल मीडिया पर कार्यक्रम का पोस्टर सामने आने के बाद युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों को उम्मीद है कि 18 नवंबर को मिनी स्टेडियम में बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी पहुंचकर मधुर शर्मा की लाइव प्रस्तुति का आनंद लेंगे।
