अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच 23 नवंबर से दौड़ेगी ट्रेन, रेल मार्ग से जुड़ेंगी राम-सीता की जन्मस्थली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के पीएम बालेंद्र शाह वर्चुअली दिखाएंगे हरी झंडी, 464 किलोमीटर लंबे रूट पर आज जाएगी, अगले दिन लौटेगी ट्रेन

अयोध्या, उत्तर प्रदेश। भारत और नेपाल के धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में भारतीय रेलवे ने बड़ी पहल की है। भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली नेपाल के जनकपुर धाम के बीच रेल सेवा शुरू होने जा रही है। 23 नवंबर को इस ट्रेन को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह हैदराबाद हाउस से वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे। इस अवसर पर अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, सांसद अवधेश प्रसाद, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी तथा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता मौजूद रहेंगे। अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच रेल सेवा शुरू होने को रामायण सर्किट के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों और व्यापारियों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस सेवा शुरू की थी, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद से दोनों देशों के बीच रेल सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही थी। अब 23 नवंबर से यह सुविधा शुरू होने की घोषणा के बाद अयोध्या के साधु-संतों और श्रद्धालुओं में उत्साह है।
464 किलोमीटर का सफर, जयनगर से होकर पहुंचेगी जनकपुर; अयोध्या स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधा केंद्र का उद्घाटन
प्रस्तावित रेल सेवा अयोध्या से बिहार के जयनगर होते हुए नेपाल के जनकपुर धाम तक पहुंचेगी। इस मार्ग की कुल लंबाई 464 किलोमीटर बताई गई है। ट्रेन 23 नवंबर को अयोध्या से रवाना होगी और 24 नवंबर को वापस लौटेगी। यात्रियों के लिए दोनों तरफ के टिकट की बुकिंग आईआरसीटीसी के माध्यम से की जा सकेगी। सीमा पर कस्टम जांच की भी समुचित व्यवस्था रहेगी। जयनगर में दोनों दिशाओं से आने-जाने वाली ट्रेनों की जांच कस्टम विभाग द्वारा की जाएगी। रेल सेवा शुरू होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। इसी क्रम में गुरुवार को उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के डीआरएम सुरेश कुमार वर्मा ने अयोध्या के दोनों रेलवे स्टेशनों के साथ कटरा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, ट्रेन के शुभारंभ के अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में बने यात्री सुविधा केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे। करीब 10 हजार वर्गफुट क्षेत्र में लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह केंद्र पूरी तरह वातानुकूलित है। यहां आधुनिक बुकिंग जोन, शौचालय, यूरिनल, पेयजल, वॉटर एटीएम, प्रतीक्षालय, वाई-फाई और पूछताछ केंद्र जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्रियों को यहां से सीधे प्लेटफार्म पर जाने की सुविधा भी मिलेगी। केंद्र में 12 सामान्य टिकट काउंटर और पांच आरक्षित टिकट काउंटर बनाए गए हैं। मेलों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर अतिरिक्त काउंटर खोलने की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा पांच ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनें लगाई गई हैं। ऑनलाइन टिकट बुकिंग, क्यूआर कोड से भुगतान और अन्य डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी। बड़ी स्क्रीन पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी प्रदर्शित की जाएगी।
