32 साल बाद लौटेगी ‘बैंडिट क्वीन’, फूलन देवी की जेल से रिहाई के बाद की जिंदगी पर बनेगा सीक्वल
बॉबी बेदी ने की फिल्म की पुष्टि, हनी त्रेहान करेंगे निर्देशन, शादी, राजनीतिक सफर और महिला अधिकारों के संघर्ष पर होगा फोकस

मुंबई। साल 1994 में रिलीज हुई शेखर कपूर की चर्चित फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ की कहानी अब करीब 32 साल बाद आगे बढ़ने जा रही है। फिल्म निर्माता बॉबी बेदी ने इसके सीक्वल की पुष्टि की है। ‘बैंडिट क्वीन, एमपी’ नाम से बनने वाली इस फिल्म का निर्देशन हनी त्रेहान करेंगे। नई फिल्म में फूलन देवी के जीवन के उस दौर को दिखाया जाएगा, जो जेल से बाहर आने के बाद शुरू हुआ था। निर्माता बॉबी बेदी के अनुसार, कहानी पहली फिल्म के समाप्त होने के बाद से आगे बढ़ेगी। इसमें फूलन देवी के आत्मसमर्पण, जेल में बिताए वर्षों, शादी और राजनीतिक जीवन को प्रमुखता दी जाएगी। फूलन देवी ने 1983 में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था और करीब 11 साल जेल में रहने के बाद 1994 में रिहा हुई थीं। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और दो बार लोकसभा सांसद चुनी गईं। वर्ष 2001 में उनकी हत्या कर दी गई थी। फिल्म निर्माता ने बताया कि नई कहानी में फूलन देवी और उनके पति उमेद सिंह के रिश्ते को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया जाएगा। यह पहलू पहली फिल्म में नहीं दिखाया गया था। इसके अलावा उनकी निजी जिंदगी, महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष और राजनीतिक सफर को भी पर्दे पर उतारा जाएगा। निर्देशक हनी त्रेहान ने कहा कि ‘बैंडिट क्वीन’ उनके जैसे कई फिल्मकारों के लिए प्रेरणा रही है और इसकी कहानी को आगे बढ़ाना बड़ी जिम्मेदारी है। फिलहाल वह फिल्म की पटकथा पर काम कर रहे हैं और निर्माता बॉबी बेदी द्वारा किए गए शोध को समझ रहे हैं। हनी त्रेहान इससे पहले ‘रात अकेली है’ और ‘सतलुज’ जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। उन्होंने हिंदी सिनेमा में बतौर कास्टिंग डायरेक्टर भी कई चर्चित फिल्मों के साथ काम किया है। गौरतलब है कि पहली ‘बैंडिट क्वीन’ में अभिनेत्री सीमा बिस्वास ने फूलन देवी की भूमिका निभाई थी। उनके अभिनय को काफी सराहना मिली थी। फिल्म में फूलन देवी के शुरुआती जीवन, संघर्ष, हिंसा, सामाजिक परिस्थितियों और बदले की कहानी दिखाई गई थी। इसके विपरीत सीक्वल में उनके जीवन के बाद के अध्याय को सामने लाने की तैयारी है। हालांकि, फिल्म की स्टारकास्ट की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि सीमा बिस्वास दोबारा फूलन देवी की भूमिका निभाएंगी या किसी नई अभिनेत्री को यह जिम्मेदारी दी जाएगी। फिलहाल फिल्म की पटकथा और शोध पर काम जारी है। दर्शकों को अब कलाकारों और शूटिंग से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
