बालासाहेब ठाकरे के स्मृतिदिन पर दादर में होंगी विशेष व्यवस्थाएं, महापौर रितु तावड़े ने दिए निर्देश

17 नवंबर को देशभर से पहुंचेंगे शिवसैनिक और नागरिक, पेयजल, दर्शन कतार, स्वच्छता, यातायात और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश

मुंबई। शिवसेना प्रमुख और हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे के स्मृतिदिन के अवसर पर दादर स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मैदान के स्मृतिस्थल और आसपास के परिसर में सभी आवश्यक नागरिक सुविधाएं बेहतर तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश मुंबई की महापौर रितु तावड़े ने दिए हैं। मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को बालासाहेब ठाकरे का स्मृतिदिन है। इस अवसर पर महाराष्ट्र सहित देशभर से बड़ी संख्या में शिवसैनिक और नागरिक उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचेंगे। तैयारियों की समीक्षा के लिए बीएमसी मुख्यालय के स्थायी समिति सभागृह में महापौर रितु तावड़े की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमहापौर संजय घाड़ी, सदन नेता गणेश खणकर, सुधार समिति अध्यक्ष संध्या दोशी, अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और मुंबई पुलिस तथा यातायात पुलिस के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक की शुरुआत में जी-उत्तर विभाग के सहायक आयुक्त योगेश देसाई ने तैयारियों की जानकारी प्रस्तुत की। उपमहापौर संजय घाड़ी ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे के विचारों और कार्यों को मानने वाले लोगों की संख्या बहुत बड़ी है। इस वर्ष उनका जन्मशताब्दी वर्ष भी है और इसके तहत पूरे साल विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में स्मृतिदिन पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बीएमसी, पुलिस और अन्य सरकारी विभागों को आपसी समन्वय से पर्याप्त व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने दर्शन के लिए कतार में खड़े लोगों के लिए छत, पीने का पानी, बैठने की व्यवस्था, मैदान में धूल रोकने के उपाय, लगातार साफ-सफाई और यातायात पुलिस के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिसर में बालासाहेब ठाकरे के विभिन्न छायाचित्र प्रदर्शित करने का सुझाव भी दिया गया। महापौर रितु तावड़े ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे का मुंबई और महाराष्ट्र के लिए बड़ा योगदान रहा है तथा उनके विचारों को मानने वाले लोग पूरे देश में हैं। इसलिए स्मृतिदिन पर आने वाले शिवसैनिकों और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बीएमसी के सभी संबंधित विभाग पेयजल, दर्शन कतार, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और मोबाइल शौचालयों सहित सभी नागरिक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने बालासाहेब ठाकरे से जुड़े अन्य स्थलों, पुतलों और चौक-चौराहों पर भी स्मृतिदिन के अनुरूप आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर प्रशासन अतिरिक्त निधि उपलब्ध कराकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तैयारियों का स्वयं मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *