महाराष्ट्र बनेगा फिल्म शूटिंग और फिल्म पर्यटन का ग्लोबल हब, पांच साल का करार
‘महाराष्ट्र फिल्म टूरिज्म’ ब्रांड से देश-विदेश में होगा पर्यटन स्थलों का प्रचार, ग्रामीण इलाकों में रोजगार और निवेश के खुलेंगे नए रास्ते

मुंबई। महाराष्ट्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फिल्म शूटिंग एवं फिल्म पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इसके लिए पर्यटन विभाग और महाराष्ट्र फिल्म, रंगभूमि एवं सांस्कृतिक विकास महामंडल के बीच पांच वर्ष का सामंजस्य करार किया गया है। इस पहल के तहत राज्य के पर्यटन स्थलों को फिल्म निर्माण से जोड़कर वैश्विक पहचान दिलाई जाएगी। दादासाहेब फाल्के चित्रनगरी के 49वें स्थापना दिवस के अवसर पर इस करार का आदान-प्रदान किया गया। पर्यटन मंत्री शंभूराज देसाई और सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार के मार्गदर्शन में शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य महाराष्ट्र को फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा शूटिंग डेस्टिनेशन बनाना है।
‘महाराष्ट्र फिल्म टूरिज्म’ बनेगा नया ब्रांड
पांच वर्षीय योजना के तहत ‘महाराष्ट्र फिल्म टूरिज्म’ नाम से अलग ब्रांड विकसित किया जाएगा। इसके जरिए देश-विदेश के फिल्म महोत्सवों, पर्यटन प्रदर्शनियों, रोड शो और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन बाजारों में महाराष्ट्र के शूटिंग स्थलों का प्रचार किया जाएगा। मुंबई महानगर क्षेत्र से बाहर स्थित पर्यटन स्थलों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। प्रमुख शूटिंग स्थलों पर सूचना पट्ट, स्मृति चिह्न और सेल्फी पॉइंट विकसित किए जाएंगे। डिजिटल माध्यम से पर्यटकों को यह जानकारी भी मिलेगी कि किन फिल्मों की शूटिंग इन स्थानों पर हुई है और वहां आसपास कौन-कौन से पर्यटन स्थल मौजूद हैं।
गांवों तक पहुंचेगा फिल्म पर्यटन का लाभ
इस योजना में ग्रामीण पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को भी शामिल किया गया है। क्षेत्रीय खानपान, लोककला और फिल्म प्रदर्शन को बढ़ावा देने के लिए ‘लोकोत्सव’ महोत्सव दोबारा शुरू करने का प्रस्ताव है। कृषि पर्यटन केंद्रों और निजी ग्रामीण पर्यटन स्थलों की पहचान कर उन्हें फिल्म शूटिंग के लिए विकसित किया जाएगा। इसके अलावा फिल्म निर्माताओं और लोकेशन मैनेजरों की सुविधा के लिए महामंडल की सिंगल विंडो प्रणाली में उपयुक्त शूटिंग स्थलों की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। बहुभाषी डिजिटल सूचना संग्रह और क्षेत्रीय फिल्म पर्यटन मार्गदर्शक भी तैयार किए जाएंगे।
रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
अधिकारियों के अनुसार, फिल्म शूटिंग बढ़ने से होटल, परिवहन, खानपान, हस्तकला और स्थानीय व्यवसायों को नए अवसर मिलेंगे। खासकर ग्रामीण और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को नई पहचान मिलने से वहां आर्थिक गतिविधियों को गति मिल सकती है। महामंडल की प्रबंध निदेशक स्वाती म्हसे-पाटील ने कहा कि इस पहल से फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों को अनुकूल माहौल मिलेगा तथा महाराष्ट्र के शूटिंग स्थलों को अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। राज्य सरकार की इस पहल से महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन क्षमता और फिल्म उद्योग के बीच नया तालमेल स्थापित होने की उम्मीद है।
