SIR पर अखिलेश ने योगी को घेरा, ओवैसी-चंद्रशेखर के मोर्चे का किया स्वागत

1.27 करोड़ वोट कटने की जानकारी पर उठाए सवाल, बोले- पीडीए की आवाज उठाने वाले दलों का करेंगे सहयोग

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधा है। उन्होंने सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री को पहले से कैसे पता चल गया कि उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हट गए हैं। अखिलेश ने कहा, “मैं इसलिए ऐसे बोल रहा हूं कि उनको कैसे जानकारी हो गई कि एक करोड़ 27 लाख वोटर कट गए।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इसी मुद्दे को लेकर बैठक कर रही है और हटाए गए नामों के संदर्भ में अपनी रणनीति बना रही है। सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित दूसरे राज्यों से लोगों को लाकर मतदाता बनवाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने की योजना है, जिनका नाम पहले से पंजीकृत नहीं है।
सामाजिक परिवर्तन मोर्चे का स्वागत, पीडीए के साथ आने वाले दलों को समर्थन
अखिलेश यादव ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत किया है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने कहा कि समाज के स्तर पर परिवर्तन जरूरी है, लेकिन वास्तविक सफलता तभी मिलेगी, जब राजनीतिक परिवर्तन का मोर्चा भी सक्रिय होगा। उनके मुताबिक, ऐसे मोर्चे लोकतंत्र को मजबूत करते हैं, बशर्ते उनके पीछे समाज की भलाई की मंशा हो। अखिलेश ने कहा कि यदि कोई दल किसी दूसरे की सियासत की कठपुतली बनकर रह जाता है तो जनता उसे चुनाव में सबक सिखा सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजनीति में ‘वोटों की ठेकेदारी प्रथा’ समाप्त होगी और हर दल अपने समाज के हित में काम करेगा। अखिलेश ने दावा किया कि नए राजनीतिक विकल्प से भाजपा को दो से तीन प्रतिशत वोटों का नुकसान हो सकता है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज के हितों की आवाज उठाने और सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ संघर्ष करने वाले दलों की ईमानदार आवाज जनता तक पहुंचाने में समाजवादी पार्टी सहयोग करेगी। उनके अनुसार, पीडीए से बड़ा कोई दूसरा विकल्प नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *