आजम खां को ईडी की चार दिन की रिमांड, 16 नवंबर को फिर अदालत में होगी पेशी
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ करेगी ईडी, पांच दिन की मांगी थी रिमांड

गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री मोहम्मद आजम खां की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विशेष अदालत ने उन्हें चार दिन की रिमांड पर भेज दिया है। अदालत ने ईडी को पूछताछ की अनुमति देते हुए 16 नवंबर को आजम खां को दोबारा न्यायालय में पेश करने का आदेश दिया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को ईडी ने आजम खां से पूछताछ के लिए अदालत में अर्जी दाखिल कर पांच दिन की रिमांड मांगी थी। पीठासीन अधिकारी अवनीश कुमार के अवकाश पर होने के कारण मामले की सुनवाई संबंधित अदालत में हुई। विशेष न्यायाधीश विनोद कुमार ने सुनवाई के बाद चार दिन की रिमांड मंजूर कर दी।
जमानत के बाद जेल से निकलते ही ईडी ने किया था गिरफ्तार
आजम खां को हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से रिहा किया गया था। हालांकि, जेल से बाहर आते ही ईडी ने जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद 1 नवंबर को विशेष पीएमएलए अदालत में पेशी हुई, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में गाजियाबाद की डासना जेल भेज दिया गया था। आजम खां को 13 नवंबर को अदालत में पेश किया जाना था, लेकिन इससे पहले ही ईडी ने पूछताछ के लिए रिमांड की अर्जी दाखिल कर दी। अब चार दिन की रिमांड के दौरान ईडी उनसे मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ करेगी।
डासना जेल पहुंचे शिवपाल यादव, आजम खां से की मुलाकात
इसी बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने गुरुवार को डासना जिला कारागार पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से मुलाकात की। मुलाकात के बाद जेल से बाहर आए शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में जेल प्रशासन की व्यवस्था और प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खां 10 बार विधायक, चार बार मंत्री और दो बार सांसद रह चुके हैं। इसके बावजूद जेल में उनके साथ प्रोटोकॉल का उल्लंघन करते हुए अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने जेल की व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि आजम खां के साथ उचित व्यवहार नहीं किया जा रहा है।
ईडी की पूछताछ और सपा नेताओं की प्रतिक्रिया पर नजर
आजम खां की रिमांड के बाद अब ईडी की पूछताछ और उससे सामने आने वाले तथ्यों पर सबकी नजर है। वहीं, शिवपाल यादव की मुलाकात और जेल प्रशासन पर लगाए गए आरोपों ने इस मामले को राजनीतिक रूप से भी चर्चा में ला दिया है।
