34 साल पुराने अपहरण मामले में पंजाब पुलिस के पूर्व डीएसपी दोषी, कल सुनाई जाएगी सजा

मोहाली। पंजाब पुलिस के पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को अमरीक सिंह अपहरण मामले में सीबीआई की विशेष अदालत ने दोषी करार दिया है। मोहाली स्थित सीबीआई अदालत ने 11 नवंबर 2026 को सुनवाई के बाद उन्हें भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 365 और 120-बी के तहत दोषी ठहराया। अदालत 12 नवंबर को उनकी सजा की अवधि पर फैसला सुनाएगी। सीबीआई के मुताबिक, यह मामला 25 नवंबर 1992 का है, जब तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह के नेतृत्व में पंजाब पुलिस की एक टीम ने लुधियाना स्थित होटल अमलताश से अमरीक सिंह का कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। इस मामले में अमरीक सिंह के बेटे देविंदर सिंह ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल कर अपने पिता के अपहरण का आरोप लगाया था। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने 15 नवंबर 1995 को सीडब्ल्यूपी संख्या 497/1995 (परमजीत कौर बनाम पंजाब राज्य) में आदेश दिया, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू हुई। शुरुआत में प्रारंभिक जांच दर्ज की गई और बाद में 23 फरवरी 2000 को सीबीआई ने नियमित मामला दर्ज किया। जांच पूरी होने के बाद सीबीआई ने 27 नवंबर 2001 को पंजाब पुलिस के पांच अधिकारियों तत्कालीन डीएसपी गुरमीत सिंह, डीएसपी परमिंदरजीत सिंह, एसएचओ सूबा सिंह, सब-इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था। अदालत ने 15 अप्रैल 2004 को आरोप तय किए थे। सुनवाई के बाद अदालत ने पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह को अपहरण और आपराधिक साजिश का दोषी ठहराया है, जबकि सह-आरोपी डीएसपी परमिंदरजीत सिंह को बरी कर दिया गया। वहीं, तीन अन्य आरोपियों एसएचओ सूबा सिंह, सब-इंस्पेक्टर सुरिंदर सिंह और एएसआई जसवंत सिंह की मृत्यु हो जाने के कारण उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही समाप्त कर दी गई। दोषी ठहराए गए पूर्व डीएसपी गुरमीत सिंह की सजा पर फैसला 12 नवंबर 2026 को सुनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *