कुर्ला में दिनदहाड़े तीन गोलियां मारकर युवक की हत्या, बाइक सवार हमलावर फरार

मुंबई। महानगर के कुर्ला इलाके में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। हलाव पुल के पास मकड़वाला कंपाउंड में बाइक सवार हमलावरों ने 40 वर्षीय विनोद पवार पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं। गंभीर रूप से घायल विनोद को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना बुधवार दोपहर करीब 12:40 बजे वी.बी.नगर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। गोलीबारी के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से कुर्ला परिसर में दहशत फैल गई और स्थानीय नागरिकों में भय का माहौल है। सूचना मिलते ही वी.बी.नगर पुलिस के अधिकारी और अन्य पुलिस टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
