डीएम गौरांग राठी ने PHC टहरौली का किया औचक निरीक्षण, दवाओं के स्टॉक का किया सत्यापन

हर महीने 600 ओपीडी और 30 प्रसव की जानकारी ली, मातृत्व एवं नवजात शिशु देखभाल यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव भेजने के निर्देश

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरांग राठी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) टहरौली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, प्रसव सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई और अन्य चिकित्सकीय व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र में प्रतिमाह लगभग 600 मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। वहीं, यहां प्रतिमाह करीब 30 सामान्य प्रसव कराए जा रहे हैं। प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेने के बाद जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र में मातृत्व एवं नवजात शिशु देखभाल यूनिट (मेटरनिटी न्यू बॉर्न केयर यूनिट) स्थापित करने के लिए प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। भवन और परिसर के निरीक्षण के दौरान पुताई तथा साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार की जरूरत सामने आई। इस पर डीएम ने उप जिलाधिकारी टहरौली और खंड विकास अधिकारी गुरसराय को निर्देश दिया कि रोगी कल्याण समिति के खाते में दान के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र के संभ्रांत लोगों को प्रेरित करें। प्राप्त राशि का उपयोग स्वास्थ्य केंद्र की पुताई और साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने में किया जाए। जिलाधिकारी ने औषधि वितरण केंद्र का भी निरीक्षण किया और स्टॉक रजिस्टर में दर्ज दवाओं की उपलब्धता का रैंडम सत्यापन किया। इस दौरान सेफ्ट्रियाक्सोन इंजेक्शन (Ceftriaxone Injection IP) के स्टॉक का रजिस्टर में दर्ज मात्रा से मिलान किया गया, जो सही पाया गया। उन्होंने दवाओं के स्टॉक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट रखने और व्यवस्थित तरीके से संधारित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में एक महत्वपूर्ण मुद्दा सर्पदंश के मरीजों के उपचार को लेकर भी सामने आया। प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध है, लेकिन सांप के काटने के मरीज उपचार के लिए यहां आने के बजाय जिला मुख्यालय पहुंच जाते हैं। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिया कि अपने अधीनस्थों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी स्नेक वेनम की उपलब्धता का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं, ताकि सर्पदंश से प्रभावित मरीजों को समय पर स्थानीय स्तर पर उपचार मिल सके और उनकी जान बचाई जा सके। जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार किया जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी गुरसराय डॉ. रविशंकर, उप जिलाधिकारी टहरौली आशीष कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. के.एल. पाल, डॉ. ओ.पी. राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *