वसई-विरार में एक ही दिन में आग की छह घटनाएं, चार वाहन आग की चपेट में

मुंबई। वसई-विरार शहर में मंगलवार, 10 नवंबर को आग लगने की छह अलग-अलग घटनाओं ने नागरिकों और अग्निशमन विभाग की चिंता बढ़ा दी। शहर के विभिन्न इलाकों में कहीं कचरे के ढेर में आग लगी तो कहीं वाहन और लकड़ी के बांस आग की चपेट में आ गए। दिन की सबसे गंभीर घटना नालासोपारा पूर्व के उमर कंपाउंड में सामने आई, जहां एक ट्रक, दो आयशर वाहन और एक हाइड्रा क्रेन में भीषण आग लग गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वसई-विरार महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह स्थानों पर आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 3 बजकर 29 मिनट पर नालासोपारा पूर्व के उमर कंपाउंड में वजन कांटे के पास खड़े एक ट्रक, दो आयशर वाहनों और एक हाइड्रा क्रेन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने चारों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर वसई फाटा अग्निशमन केंद्र की टीम दमकल वाहन के साथ मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए आचोले मुख्य अग्निशमन केंद्र से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाया गया। दोनों केंद्रों की टीमों ने संयुक्त रूप से करीब ढाई घंटे तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। वहीं, वसई पूर्व में एचपी पेट्रोल पंप के पीछे स्थित वंडर सोसायटी, नायगांव पूर्व के जय विजय एस्टेट और विरार पश्चिम में कलाकुटीर बिल्डिंग के पास कचरे के ढेर में आग लगने की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। दमकलकर्मियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। पांचवीं घटना विरार पूर्व के पिंपलवाड़ी सबवे स्टेशन रोड पर हुई, जहां मरम्मत कार्य के लिए रखे लकड़ी के बांसों में आग लग गई। दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय नागरिकों ने आग बुझाकर उसे फैलने से रोक दिया। छठी घटना विरार पूर्व के मकवाना कॉम्प्लेक्स में पारस अस्पताल के पास हुई, जहां खड़े ट्रक क्रमांक MH 04 CA 8391 के नीचे जमा कचरे में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया और उसे ट्रक तक फैलने से रोक दिया। इन सभी घटनाओं में दमकल वाहन क्रमांक MH 48 CQ 3364, MH 48 CQ 3363, MH 48 CQ 2260, MH 48 CQ 3365 और अतिरिक्त वाहन MH 48 J 368 को अभियान में लगाया गया। इस कार्रवाई में विजेंद्र भोईर, कीर्ति कुमार भोईर, रोशन जाधव, मंगेश पाटील, जीत म्हात्रे, भावेश पाटील, दीपक भोईर, महेंद्र सातपुते, निकेत पाटील, कल्पेश पाटील, कुलदीप माली, मंगेश भोईर, नितेश राजपूत, मनोज पाटील, अमित घोगले, समीर शेलके, विशाल पाटील, अभिषेक मालप और प्रसाद कदम सहित अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक ही दिन में छह स्थानों पर आग लगने की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा और कचरा प्रबंधन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेष रूप से तीन इलाकों में कचरे के ढेर में आग लगना चिंता का विषय है। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की तत्परता से सभी जगह आग पर काबू पा लिया गया और उसे आसपास फैलने से रोक दिया गया। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और चार वाहनों को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन सामने आना बाकी है।
