पालघर के चिंचानी में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बछड़े को मारने के बाद वन विभाग ने बिंबारेपाड़ा के पास लगाया था पिंजरा, तेंदुए के हमलों से जिले में दो लोगों की हो चुकी है मौत

पालघर। दहानू तालुका के चिंचानी गांव के रिहायशी इलाकों में लगातार दिखाई दे रहे तेंदुए को वन विभाग ने आखिरकार पिंजरे में कैद कर लिया। तेंदुए के पकड़े जाने से दहशत में जी रहे स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। रविवार रात तेंदुए ने एक ग्रामीण के पशुबाड़े में घुसकर बछड़े को मार डाला था। इस घटना के बाद वन विभाग ने चिंचानी के बिंबारेपाड़ा के पास पिंजरा लगाया था, जिसमें तेंदुआ फंस गया। पिछले कुछ महीनों से दहानू तालुका और आसपास के तटीय गांवों में रिहायशी इलाकों के नजदीक तेंदुओं की आवाजाही बढ़ने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रात के समय कई इलाकों में तेंदुए दिखाई देते रहे हैं। तनाशी और बावड़े में भी मवेशियों पर हमले की घटनाएं सामने आई हैं। इन हमलों में बछड़े, बकरियां, भेड़ और मुर्गियां तेंदुओं का शिकार बने हैं। बुधवार सुबह तेंदुए के पकड़े जाने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पिंजरे के पास जमा हो गए। लोग तेंदुए को देखने के लिए उत्सुक नजर आए।तेंदुए के हमलों में दो लोगों की मौत
पालघर जिले में तेंदुओं की बढ़ती गतिविधियां अब गंभीर चिंता का विषय बन गई हैं। जिले में तेंदुए के हमलों से अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के चलते ग्रामीणों ने वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पिंजरे लगाने और गश्त व निगरानी बढ़ाने की मांग की है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। विशेष रूप से रात के समय अकेले बाहर निकलने और खेतों में काम करने के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी जंगली जानवर की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *