बीएमसी H/पश्चिम में अवैध निर्माण को संरक्षण देने वाले कनिष्ठ अभियंता आकाश पाटील पर कब होगी कार्रवाई?

समरविले बिल्डिंग के अतिक्रमण पर सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवाड और पदनिर्देशित अधिकारी नमन करानिया की भूमिका पर सवाल, कथित वसूली और बंदरबांट की जांच की मांग

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के विभिन्न वार्डों में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के बजाय उन्हें कथित संरक्षण देने और वसूली के आरोप लगातार प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं। मुंबई शहर और उपनगरों में बड़ी संख्या में अवैध निर्माणों को नोटिस जारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होना बीएमसी की व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। इमारत एवं कारखाना विभाग के अभियंताओं पर बीएमसी हर महीने करोड़ों रुपये खर्च करती है, लेकिन अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। ताजा मामला बीएमसी H/पश्चिम विभाग के बांद्रा पश्चिम स्थित 14वें और 33वें रोड जंक्शन, लिंकिंग रोड के पास समरविले बिल्डिंग (एनएम मेडिकल सेंटर के ऊपर) का है। यहां आवासीय इमारत के भूतल की खुली जगह में कथित अतिक्रमण और निर्माण नियमों के उल्लंघन का मामला सामने आया है। अग्निसुरक्षा संबंधी नियमों की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया गया है। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से कनिष्ठ अभियंता आकाश पाटील, पदनिर्देशित अधिकारी नमन करानिया और सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवाड की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सूत्रों का दावा है कि उक्त निर्माण को संरक्षण देने के लिए कनिष्ठ अभियंता आकाश पाटील ने कथित तौर पर मोटी रकम वसूली और इस रकम का बंटवारा सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवार तथा पदनिर्देशित अधिकारी नमन करानिया के बीच हुआ। इसी कथित लेन-देन के चलते संबंधित निर्माण पर कार्रवाई नहीं किए जाने के सवाल उठ रहे हैं। यदि इन आरोपों में सच्चाई है तो यह केवल एक अवैध निर्माण का मामला नहीं, बल्कि बीएमसी की निगरानी और जवाबदेही व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल है। इस पूरे मामले की स्वतंत्र जांच कर संबंधित अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट की जानी चाहिए। वहीं, बीएमसी के विजिलेंस विभाग की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में है। अक्सर शिकायत की जांच उसी विभाग या संबंधित अधिकारी के पास भेजे जाने की शिकायत सामने आती है, जिसके खिलाफ मामला उठाया गया होता है। ऐसे में निष्पक्ष जांच कैसे संभव होगी? आखिर विजिलेंस विभाग स्वतंत्र रूप से जांच क्यों नहीं करता? क्या उसे हर मामले में महानगरपालिका आयुक्त या अतिरिक्त आयुक्त के आदेश का इंतजार करना पड़ता है? आखिर समरविले बिल्डिंग के कथित अतिक्रमण पर कार्रवाई कब होगी? कनिष्ठ अभियंता आकाश पाटील के खिलाफ बीएमसी प्रशासन कब कदम उठाएगा? सहायक आयुक्त दिनेश पल्लेवाड और पदनिर्देशित अधिकारी नमन करानिया की भूमिका की स्वतंत्र जांच कब होगी? बीएमसी प्रशासन को इन सवालों का जवाब देना चाहिए और शिकायत पर की गई कार्रवाई का रिकॉर्ड सार्वजनिक करना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *