मुंबई में आग लगने की 137 घटनाओं के बाद MDMA का फैसला, BMC क्षेत्र की सभी सार्वजनिक और निजी जगहों पर लागू होगा आदेश


मुंबई। दीपावली के दौरान आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी को देखते हुए मुंबई में रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। मुंबई आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (MDMA) ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की सीमा में इन पटाखों के उपयोग पर 25 नवंबर 2026 तक रोक लगाई है। रविवार को मुंबई में आग लगने की 137 घटनाएं सामने आने के बाद यह निर्णय लिया गया। सोमवार को अतिरिक्त नगर आयुक्त एवं MDMA प्रमुख प्रजक्ता वर्मा-लवांगरे द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, रॉकेट और एरियल फायरवर्क्स छतों, बालकनियों, खिड़कियों तथा अन्य ज्वलनशील स्थानों पर गिरकर आग का कारण बन सकते हैं। प्रतिबंध 9 नवंबर से लागू होकर 25 नवंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक प्रभावी रहेगा। यह BMC क्षेत्र की सभी सार्वजनिक और निजी जगहों पर लागू होगा। इसमें आवासीय परिसर, छतें, बालकनियां, आंगन, पार्किंग क्षेत्र और झुग्गी-बस्तियां भी शामिल हैं। आदेश में मुंबई के घने शहरी ढांचे को आग के खतरे के लिहाज से संवेदनशील बताया गया है। ऊंची इमारतें, घनी झुग्गी-बस्तियां, संकरी सड़कें और एक-दूसरे से सटी आवासीय एवं व्यावसायिक इमारतें आग की घटनाओं में जान-माल के नुकसान की आशंका बढ़ाती हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि रॉकेट और हवा में उड़ने वाले पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जबकि अन्य पटाखों का इस्तेमाल मौजूदा कानूनों, सरकारी निर्देशों और न्यायालयों के आदेशों के दायरे में ही किया जा सकेगा। संबंधित विभागों को प्रतिबंध का व्यापक प्रचार करने और सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *