CBSE बोर्ड परीक्षा 2027 की संभावित तारीखें घोषित, 16 फरवरी से शुरू होंगी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं


नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने वर्ष 2027 में होने वाली कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का संभावित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। जारी कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 9 मार्च तक चलेगी, जबकि 12वीं के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 9 अप्रैल 2027 तक आयोजित की जाएंगी। सीबीएसई के परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी। हालांकि, विषय के अनुसार परीक्षा की अवधि अलग-अलग निर्धारित की गई है। कुछ प्रश्नपत्र दो घंटे के होंगे, जबकि अधिकांश प्रमुख विषयों की परीक्षा तीन घंटे की होगी।
10वीं की बोर्ड परीक्षा 16 फरवरी से 9 मार्च तक
सीबीएसई कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में इस बार कुल 83 विषय शामिल किए गए हैं। परीक्षा की शुरुआत 16 फरवरी को पेंटिंग विषय के प्रश्नपत्र से होगी। इसके बाद 17 फरवरी को गणित स्टैंडर्ड और गणित बेसिक की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
1 जनवरी 2027 से शुरू होंगी प्रैक्टिकल परीक्षाएं
सीबीएसई की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नियमित स्कूलों में कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाएं, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट 1 जनवरी 2027 से शुरू होंगे। वहीं, सर्दियों वाले स्कूलों में प्रैक्टिकल परीक्षाओं और आंतरिक मूल्यांकन की प्रक्रिया 9 नवंबर से 19 दिसंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। ऐसे स्कूलों के विद्यार्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी प्रैक्टिकल संबंधी तैयारियां पूरी करनी होंगी।
CBSE ने जारी किए सैंपल पेपर
सीबीएसई ने कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए सैंपल पेपर भी जारी किए हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थी बोर्ड की शैक्षणिक वेबसाइट cbseacademic.nic.in पर जाकर विषयवार सैंपल पेपर डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा की समय-सारणी में विषयवार तारीखें, परीक्षा का समय, विद्यार्थियों के लिए दिशा-निर्देश और परीक्षा से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां शामिल हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई है कि वे बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी सूचना के अनुसार अपनी तैयारी करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *