निदा खान मामले में सह-आरोपी बनाए गए इम्तियाज जलील, बोले- ‘एमआईएम का नाम आते ही राजनीतिक एजेंडे के तहत कार्रवाई’

मुंबई। एमआईएम नेता और पूर्व सांसद इम्तियाज जलील के खिलाफ निदा खान मामले में मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद इम्तियाज जलील ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए मीडिया से बातचीत की और अपनी भूमिका स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि उन्हें सह-आरोपी बनाए जाने की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक उन्हें आरोपपत्र (चार्जशीट) की कॉपी नहीं मिली है। अदालत में आज सुनवाई की तारीख थी और चार्जशीट जमा होने वाली थी। एक-दो दिनों में वे इसकी जानकारी लेकर यह पता लगाएंगे कि मामले में उनका क्या संबंध बताया गया है। इम्तियाज जलील ने कहा कि वे नासिक एक बार नहीं, बल्कि तीन बार गए थे। पुलिस ने उनका बयान दर्ज किया और वॉयस सैंपल भी लिए। उन्होंने मुंबई में मंच से निदा खान के संबंध में भाषण दिया था। पुलिस ने उस भाषण की रिकॉर्डिंग उन्हें सुनाई थी। जलील ने कहा कि उन्होंने पुलिस से सवाल किया था कि जब उन्होंने सार्वजनिक रूप से भाषण दिया था, तो उन्हें रिकॉर्डिंग सुनाने की क्या आवश्यकता थी। पुलिस ने उस भाषण का भी सैंपल लिया है। अब चार्जशीट देखने के बाद ही पता चलेगा कि जांच में क्या निष्कर्ष निकला है। मतीन पटेल को अपना नगरसेवक बताते हुए इम्तियाज जलील ने कहा कि 36 नगरसेवक उनसे संपर्क करते हैं। निदा खान और उनके माता-पिता जब आए थे, उस समय संपर्क हुआ था। हालांकि, मतीन पटेल को यह जानकारी नहीं थी कि वे कौन लोग हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि निदा खान इतने दिनों तक घर पर थीं, तो पुलिस ने उन्हें पहले गिरफ्तार क्यों नहीं किया? इम्तियाज जलील ने इस पूरे मामले को राजनीतिक बताते हुए आरोप लगाया कि एमआईएम का नाम सामने आते ही कार्रवाई शुरू कर दी जाती है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर राजनीतिक एजेंडे के तहत ऐसा करने का आरोप लगाया। जलील ने कहा कि वे स्वयं या उनकी पार्टी धर्मांतरण जैसी गतिविधियों में शामिल नहीं होती, बल्कि ऐसी गतिविधियों के विरोध में हैं। उनके मुताबिक, इस मामले में कोई ठोस आधार नहीं है और एक विशेष एजेंडे के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली से कुछ लोग एजेंडे के साथ महाराष्ट्र आए थे और इस मामले को लेकर मीडिया में चर्चा की गई। जलील ने कहा कि जब शहर में अशोक खरात का गंभीर मामला सामने आया था, तब उस पर चर्चा करने के लिए ये लोग नहीं आए थे। इम्तियाज जलील के इन आरोपों पर संबंधित पक्षों की प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।
