एसटी के 83 हजार कर्मचारियों की दिवाली होगी खुशहाल, 10 हजार रुपये बोनस और महंगाई भत्ता 60% करने का ऐलान

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन महामंडल (MSRTC) के 83 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए दिवाली से पहले बड़ी खुशखबरी सामने आई है। परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने कर्मचारियों को 10 हजार रुपये सानुग्रह अनुदान (बोनस), पात्र कर्मचारियों को 12,500 रुपये का त्योहार अग्रिम तथा महंगाई भत्ता 58 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने की महत्वपूर्ण घोषणा की है। एसटी महामंडल की विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित बैठक में यह निर्णय घोषित किया गया। मंत्री प्रताप सरनाईक ने कहा कि महामंडल आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है, लेकिन कर्मचारियों की दिवाली की खुशियां छीनना उचित नहीं है। एसटी के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर लाखों यात्रियों को सुरक्षित यात्रा सेवा प्रदान करते हैं। उनके परिश्रम और योगदान को ध्यान में रखते हुए दिवाली के अवसर पर सानुग्रह अनुदान देना केवल उदारता नहीं, बल्कि उनका अधिकार है। उन्होंने बताया कि इस निर्णय से महामंडल पर लगभग 160 करोड़ रुपये का आर्थिक भार पड़ेगा, लेकिन कर्मचारियों की दिवाली खुशी से मनाना सरकार और महामंडल की जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार के मजबूत समर्थन से एसटी महामंडल का भविष्य उज्ज्वल होने का विश्वास भी उन्होंने व्यक्त किया। परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों से आंदोलन नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि एसटी आम यात्रियों की जीवनरेखा है और किसी भी आंदोलन से यात्रियों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। कर्मचारी और यात्री एसटी के दो महत्वपूर्ण घटक हैं। कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान बातचीत के माध्यम से निकालने के लिए महामंडल हमेशा तैयार है।
