अयोध्या दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, सरयू के 56 घाटों पर सजाए गए 12 लाख दीये

अयोध्या, उत्तर प्रदेश। रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सरयू के 56 घाटों पर अब तक 12 लाख दीये सजाए जा चुके हैं। बृहस्पतिवार को करीब 25 हजार स्वयंसेवकों ने दीप सजाने का कार्य किया, जबकि शुक्रवार को 35 हजार वालंटियर एक साथ घाटों पर मोर्चा संभालेंगे। अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह ने सरयू तट के घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने दीपों के लेआउट और सजावट में मिली कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। दीपोत्सव की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए 900 घाट समन्वयक, 112 घाट प्रभारी और 27 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। नोडल प्रभारी प्रो. एसएस मिश्र के मुताबिक, केंद्रीय कंट्रोल रूम से सभी घाटों पर कार्यों की निगरानी की जा रही है। वहीं, चौक पूर्णा की डिजाइन और पेंटिंग का काम पूरा हो चुका है। शुक्रवार को इसे 70 हजार दीयों से सजाया जाएगा।
