भिवंडी के होटल में गाने को लेकर खूनी संघर्ष, पिस्टल से फायरिंग और चॉपर से हमला, 11 आरोपी गिरफ्तार

इंद्र यादव/मुंबई। भिवंडी में मुंबई-नाशिक हाईवे पर सोनाले स्थित ‘त्विशा होटल’ में गाना बदलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोमवार रात को होटल में दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि एक गुट ने पिस्टल से फायरिंग की, जबकि दूसरे गुट के लोगों ने चॉपर से हमला कर दिया। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। वारदात का CCTV वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भिवंडी तालुका पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों गुटों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
‘मुसा भाई’ गाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, घटना के समय होटल में साउंड सिस्टम पर ‘मुसा भाई’ गाना बज रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद एक गुट के युवकों ने गाना बंद कर मराठी गाना बजाने की मांग की। दूसरे गुट के लोगों ने इसका विरोध किया। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब साउंड बॉक्स उठाकर दूसरी टेबल की तरफ रख दिया गया। इसके बाद दोनों गुटों के बीच बहस और गाली-गलौज शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे और कुर्सियों से हमला करना शुरू कर दिया।
पिस्टल से फायरिंग, चॉपर से भी हमला
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर एक गुट के साईनाथ पाटील नामक युवक ने कमर से पिस्टल निकालकर दूसरे गुट की ओर फायरिंग की। वहीं, दूसरे गुट के लोगों ने चॉपर निकालकर सामने वाले पक्ष पर हमला कर दिया। गोलियों की आवाज और धारदार हथियारों से हमले के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। होटल में लगे CCTV कैमरों में मारपीट और हिंसा की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। इसका वीडियो सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में दोनों गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प देखी जा सकती है।
दोनों पक्षों पर क्रॉस FIR,11 गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही भिवंडी तालुका पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर दो अलग-अलग क्रॉस FIR दर्ज की हैं। पहली FIR में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जबकि दूसरी FIR में तीन नामजद और सात से आठ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दोनों गुटों के कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल हथियार कहां से आए और फायरिंग किसकी पिस्टल से हुई, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले में फरार अन्य आरोपियों और अवैध हथियारों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *