शराब की लत से परेशान पिता ने ही बेटे की हत्या की रची साजिश, तीन लोगों को दी एक-एक लाख की सुपारी

भिंड में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात, बेटे की हत्या कर शव बोरे में बंद कर खंती में फेंका, पिता समेत चार आरोपी उरई से गिरफ्तार

भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में रिश्तों को शर्मसार करने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। शराब की लत से परेशान एक पिता ने अपने ही बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। बेटे को रास्ते से हटाने के लिए उसने तीन लोगों को एक-एक लाख रुपये की सुपारी दी। आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव को बोरे और तिरपाल में लपेटकर खंती में फेंक दिया। देहात थाना पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के पिता सहित चार आरोपियों को उत्तर प्रदेश के उरई से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार और सुपारी की रकम में से डेढ़ लाख रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, ग्राम मानपुरा में सिद्धेश्वर गार्डन के पास उमरी रोड स्थित खंती में एक काला बोरा पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खोलकर देखा तो उसमें एक अज्ञात युवक का शव मिला। शव प्लास्टिक की बोरी और तिरपाल में लिपटा हुआ था। मृतक के हाथ-पैर और गर्दन रस्सी से बंधे थे तथा शरीर पर चोट के निशान थे। पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव पर नमक और डिटर्जेंट भी डाला गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध अर्टिगा कार की गतिविधियां सामने आईं। कार की तलाश करते हुए पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के उरई पहुंची, जहां पूछताछ में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ। जांच में सामने आया कि मृतक की शराब पीने की आदत से उसका पिता परेशान था। इसी वजह से उसने घर में रहने वाले किरायेदार के साथ मिलकर बेटे की हत्या की योजना बनाई। किरायेदार ने अपने दो अन्य साथियों को भी साजिश में शामिल कर लिया। तीनों आरोपियों को हत्या के बदले एक-एक लाख रुपये देने का सौदा तय हुआ। योजना के तहत 26 अक्टूबर को तीनों आरोपी अर्टिगा कार से ग्वालियर पहुंचे। मृतक का पिता बस से वहां पहुंचा और मंथन नशा मुक्ति केंद्र से बेटे को डिस्चार्ज कराकर सिरोल तिराहे पर आरोपियों के हवाले कर दिया। इसके बाद पिता वापस लौट गया। आरोप है कि घर पहुंचकर उसने बेटे के रेलवे स्टेशन से भाग जाने की झूठी सूचना भी दी, ताकि किसी को उस पर शक न हो। दूसरी ओर, आरोपियों ने युवक की हत्या कर शव को बोरी और तिरपाल में लपेटकर मानपुरा की खंती में फेंक दिया। पुलिस ने मृतक के पिता सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार और डेढ़ लाख रुपये बरामद किए गए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *