वडाला में टैंकरों से फर्नेस ऑयल चोरी का आरोप, स्टिंग वीडियो से खुलासे का दावा
रात 12:30 बजे रिकॉर्ड किए गए वीडियो में तेल निकालने और वजन में हेराफेरी की बातचीत सुनाई देने का दावा, पुलिस से जांच की मांग

इंद्र यादव/मुंबई। मुंबई के वडाला इलाके में टैंकरों से कथित तौर पर फर्नेस ऑयल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में एक स्टिंग ऑपरेशन का वीडियो सामने आया है, जिसमें रात के अंधेरे में चल रहे तेल के कथित अवैध कारोबार का खुलासा होने का दावा किया गया है। यह मामला वडाला पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे वडाला इलाके में स्टिंग ऑपरेशन के दौरान वीडियो रिकॉर्ड किया गया। वीडियो के ऑडियो में कुछ लोगों के बीच टैंकरों से तेल निकालने, वजन के कांटों में हेराफेरी करने और इस कथित कारोबार को संचालित करने की रणनीति पर बातचीत सुनाई देने का दावा किया गया है।
बब्बू और शकील के नाम सामने आने का दावा
स्टिंग वीडियो से जुड़े दावों में इस पूरे रैकेट के संचालन और मालिकों के तौर पर बब्बू और शकील नामक व्यक्तियों का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि टैंकरों से चोरी किया गया फर्नेस ऑयल बाद में खुले बाजार में बेचा जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और जागरूक नागरिकों में नाराजगी है। लोगों ने वडाला पुलिस से वायरल वीडियो की सत्यता की जांच करने और कथित अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से इस मामले में कार्रवाई की विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि जांच में वीडियो और उसमें लगाए गए आरोपों की कितनी पुष्टि होती है तथा कथित फर्नेस ऑयल चोरी के नेटवर्क के पीछे कौन लोग हैं।
