आगरा में बुजुर्ग दंपति ने फंदे से लटककर दी जान, आर्थिक तंगी की आशंका

आगरा, उत्तर प्रदेश। आगरा के शाहगंज क्षेत्र में रविवार देर रात एक बुजुर्ग दंपति के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। 65 वर्षीय शेरू का शव घर में बनी दुकान में, जबकि उनकी पत्नी मुन्नी देवी का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मामला सराय ख्वाजा चौकी क्षेत्र की बर्र वाली गली का है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दंपति ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह के मुताबिक, प्रथमदृष्टया आर्थिक तंगी के चलते दंपति द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा।
