बीएमसी की ‘ब्लू स्काइज 2026’ प्रतियोगिता में छह विद्यार्थियों ने हासिल की सफलता

मुंबई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) की ‘ब्लू स्काइज 2026’ प्रतियोगिता में मनपा स्कूलों के छह विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है। इनमें पांच विद्यार्थियों का चयन पोस्टर प्रतियोगिता में और एक विद्यार्थी का चयन रैप सॉन्ग के लिए हुआ। विजेता विद्यार्थियों को अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (पूर्व उपनगर) अविनाश ढाकणे के हाथों सम्मानित किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में महाराष्ट्र नगर इंग्लिश स्कूल की आठवीं कक्षा की प्राची राजेश पटेल, अंधेरी पश्चिम इंग्लिश स्कूल की आठवीं कक्षा की सादिका रिजवान अंसारी, गोवंडी के शिवाजीनगर मनपा हिंदी स्कूल क्रमांक 1 के सातवीं कक्षा के अनुराग उमेश सहानी, मानखुर्द मनपा मराठी स्कूल क्रमांक 2 के आठवीं कक्षा के सुमित रामगोपाल शर्मा और अगारवाड़ी हिंदी स्कूल क्रमांक 1 के आठवीं कक्षा के अचल विनयकुमार जैसवार का चयन हुआ। वहीं, चिकुवाड़ी स्थित मनपा सीबीएसई स्कूल की आठवीं कक्षा के अंश प्रजेश कल्लुपलम का चयन रैप सॉन्ग के लिए किया गया। प्रतियोगिता के लिए विद्यार्थियों का चयन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, शिक्षा विभाग, डब्ल्यूआरआई इंडिया और सी40 सिटीज के प्रतिनिधियों की समिति ने किया। सम्मान समारोह में पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के उपायुक्त अविनाश काटे, माध्यमिक शिक्षा अधिकारी सुजाता खरे, उपशिक्षा अधिकारी ममता राव, स्कूल अधीक्षक माधुरी महाजन, कला प्राचार्य दिनकर पवार तथा विद्यार्थियों के मार्गदर्शक शिक्षक उपस्थित रहे।
