अजित पवार विमान हादसा: बेटे जय पवार ने CID अधिकारियों से की मुलाकात
जांच की प्रगति और रिपोर्ट पूरी होने की समयसीमा पूछी, बोले—‘सच्चाई सामने आने तक प्रयास जारी रखूंगा’

पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के युवा नेता और दिवंगत अजित पवार के बेटे जय पवार ने बुधवार को पुणे स्थित अपराध जांच विभाग (सीआईडी) कार्यालय में अधिकारियों से मुलाकात कर विमान हादसे की जांच की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अब तक की गई कार्रवाई, जांच की मौजूदा स्थिति, इसे पूरा करने की संभावित समयसीमा और लंबित पहलुओं की विस्तृत जानकारी मांगी। जय पवार ने जांच में तेजी लाने और इसे बिना किसी देरी के पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अजित दादा के विमान हादसे की सच्चाई केवल एक परिवार का मामला नहीं है, बल्कि उन लाखों लोगों के विश्वास से भी जुड़ी है, जो उनसे बेहद प्यार करते थे।
हादसे से जुड़े हर पहलू की जांच की मांग
जय पवार ने कहा कि आम लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिलना जरूरी है। हादसे से जुड़े प्रत्येक महत्वपूर्ण पहलू की गहन जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए। उन्होंने मामले की गंभीर और व्यापक जांच बिना देरी पूरी करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। इस मुलाकात के दौरान विधायक विक्रम काकड़े भी उनके साथ मौजूद थे। जय पवार ने स्पष्ट किया कि अजित पवार के विमान हादसे की सच्चाई सामने आने तक वह इस मामले को लगातार उठाते रहेंगे।
29 जनवरी 2026 को हुआ था हादसा
अजित पवार की 29 जनवरी 2026 को उस समय मृत्यु हो गई थी, जब उन्हें ले जा रहा विमान पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास करते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान रनवे के शुरुआती हिस्से के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। इस हादसे में चार अन्य लोगों सहित विमान में सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में अजित पवार के निजी सुरक्षा अधिकारी, एक फ्लाइट अटेंडेंट और दो पायलट शामिल थे। जय पवार ने अब जांच में तेजी लाने, सभी पहलुओं की पड़ताल करने और हादसे से जुड़े सवालों का जवाब सामने लाने की मांग की है।
