ठाणे के ढोकाली में महिला की सोने की चेन छीनकर फरार हुए दो बदमाश
डॉक्टर के क्लिनिक के बाहर वारदात, बुलेट मोटरसाइकिल पर आए आरोपियों ने महिला पर किया हमला

इंद्र यादव / मुंबई। ठाणे पश्चिम के ढोकाली इलाके में सोमवार रात करीब 9:40 बजे दो बदमाशों ने 45 वर्षीय गृहिणी की सोने की चेन छीन ली और बुलेट मोटरसाइकिल पर फरार हो गए। महिला डॉक्टर धीरज भानुशाली के क्लिनिक से इलाज कराकर घर लौट रही थी, तभी क्लिनिक के बाहर यह वारदात हुई। चेन खींचने के दौरान महिला के गले पर चोट के निशान पड़ गए और वह सड़क पर गिर गई।
पीछे से आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर छीनी चेन
जानकारी के मुताबिक, महिला क्लिनिक से बाहर निकलकर कुछ दूर आगे बढ़ी थी, तभी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि एक युवक ने बाइक रोकी और दूसरे ने महिला के गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन खींच ली। अचानक हुए हमले से महिला दर्द के कारण चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ी। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उसकी मदद की। घटना डॉक्टर के क्लिनिक के बाहर हुई, जो स्थानीय कॉर्पोरेटर संजय भोईर के कार्यालय के पास और माजीवड़ा-मनपाड़ा प्रभाग समिति के नजदीक स्थित है। वारदात के बाद महिला के परिवार में चिंता का माहौल है। परिजनों के अनुसार, महिला इलाज के लिए घर से निकली थी, लेकिन लौटते समय इस घटना का शिकार हो गई।
सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश
कापुरबावड़ी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के जरिए दोनों आरोपियों की पहचान और मोटरसाइकिल का नंबर पता चल सकेगा। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस टीम इलाके में पूछताछ कर रही है और आरोपियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता
इस घटना के बाद ढोकाली और आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और सड़कों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने की जरूरत जताई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी ने घटना के समय संदिग्ध मोटरसाइकिल या युवकों को देखा हो, तो इसकी जानकारी पुलिस को दें। पुलिस को उम्मीद है कि स्थानीय लोगों से मिलने वाली जानकारी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।
