FDA की राज्यव्यापी कार्रवाई: 25.53 लाख रुपये की खाद्य सामग्री जब्त, एक्सपायर्ड उत्पादों पर भी शिकंजा
मुंबई में गोरेगांव और भांडुप के प्रतिष्ठानों से खाद्य उत्पाद जब्त, ठाणे में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री के 7,566 पैकेट मिले

मुंबई। महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने 25 और 26 अक्टूबर को चलाए गए दो दिवसीय राज्यव्यापी निरीक्षण अभियान में 14 प्रतिष्ठानों से कुल 25.53 लाख रुपये मूल्य की खाद्य सामग्री जब्त की। अभियान का उद्देश्य गलत लेबलिंग, अस्वच्छ निर्माण एवं पैकिंग, मिलावट की आशंका और घटिया या असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर कार्रवाई करना था। मुंबई के गोरेगांव पूर्व स्थित आरे रोड के ‘क्यूरेटेड फूड्स’ से 6,78,900 रुपये मूल्य के 690 किलोग्राम मिश्रित सूखे मेवे और भुने हुए बादाम सहित कुल 752.8 किलोग्राम खाद्य उत्पाद जब्त किए गए। वहीं, भांडुप पश्चिम स्थित ‘अनंता फूड प्रोडक्ट्स’ से 20,730 रुपये मूल्य के 62.8 किलोग्राम मल्टीग्रेन, चुकंदर और पालक-ब्रोकोली चिप्स जब्त किए गए। FDA के अनुसार, यहां उचित लेबलिंग के बिना पैक किए गए उत्पाद बेचे जा रहे थे।
ठाणे में एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जब्त
ठाणे जिले के पडघा-भिवंडी स्थित ‘क्लाउडस्टोर रिटेल प्राइवेट लिमिटेड’ से 6.88 लाख रुपये मूल्य के एक्सपायर्ड पैक्ड फूड के 7,566 पैकेट जब्त किए गए। बताया गया कि प्रतिष्ठान एक्सपायर्ड स्टॉक को नष्ट करने या उसका निपटान करने से संबंधित रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। राज्य के अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई। नागपुर से 2,674 किलोग्राम सूखा नारियल पाउडर, धुले से 2,100 किलोग्राम गेहूं का आटा और छत्रपति संभाजीनगर डिवीजन से मिठाइयां, नमकीन, शेव, चिवड़ा, सोया चंक्स तथा कार्बोनेटेड पेय पदार्थ जब्त किए गए। अमरावती में मिलावट के संदेह पर 88 लीटर दूध भी जब्त किया गया। पूरे अभियान के दौरान करीब 9,385 किलोग्राम खाद्य सामग्री, एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के 7,566 पैकेट, कार्बोनेटेड पेय पदार्थों की 7,104 बोतलें और 88 लीटर दूध जब्त किया गया। FDA आयुक्त तुकाराम मुंडे ने कहा कि घटिया, असुरक्षित या मिलावटी खाद्य उत्पाद बेचने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को सही लेबलिंग, स्वच्छ निर्माण एवं पैकिंग, वैध लाइसेंस या पंजीकरण और स्टॉक की आवक तथा निपटान का रिकॉर्ड बनाए रखने के निर्देश भी दिए हैं।
