महाराष्ट्र के सभी स्कूलों में कल ई-कचरा प्रबंधन अभियान
शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे की अपील, विद्यार्थियों और अभिभावकों की भागीदारी पर जोर

मुंबई। महाराष्ट्र के सभी स्कूलों में कल यानी 28 अक्टूबर को ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता फैलाने, इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्र करने और उसका उचित निपटान करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। ‘इको क्लब्स फॉर मिशन लाइफ’ पहल के तहत आयोजित इस अभियान में स्कूलों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन समितियों और नागरिकों से सक्रिय भागीदारी करने की अपील स्कूल शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे ने की है।
पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है ई-कचरा
मोबाइल फोन, कंप्यूटर, चार्जर और बैटरी जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को गलत तरीके से फेंकना पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान के दौरान अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का सुरक्षित संग्रह, उचित वर्गीकरण, मरम्मत, पुनः उपयोग और अधिकृत पुनर्चक्रण संस्थाओं के माध्यम से निपटान करने पर जोर दिया जाएगा।
स्कूलों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
अभियान के तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रश्नोत्तरी और परिचर्चाओं का आयोजन किया जाएगा। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को ई-कचरे के उचित प्रबंधन का महत्व समझाया जाएगा।
विद्यार्थियों से जिम्मेदारी निभाने की अपील
मंत्री दादाजी भुसे ने विद्यार्थियों से ‘मैं ई-कचरा प्रबंधन का जिम्मेदार योद्धा हूं’ का संकल्प लेने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को ई-कचरे के सुरक्षित संग्रह एवं उचित निपटान के प्रति जागरूक करने की अपील की है। अभियान का उद्देश्य इलेक्ट्रॉनिक कचरे के जिम्मेदार प्रबंधन को बढ़ावा देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
