जन आरोग्य योजना को और पारदर्शी व प्रभावी बनाएगी सरकार: सीएम फडणवीस
नागपुर में न्यू एरा मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल का उद्घाटन, 2400 बीमारियां योजना में शामिल

नागपुर। आम लोगों को बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। यह बात मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने वर्धमान नगर क्षेत्र में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस न्यू एरा मल्टीस्पेशालिटी हॉस्पिटल के उद्घाटन अवसर पर कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि नागपुर अब मेडिकल हब के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। राज्य और देश में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिल रहा है और कई देशों के मरीज इलाज के लिए भारत को प्राथमिकता दे रहे हैं। फडणवीस ने कहा कि राज्य में उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सुविधाएं आम नागरिकों की पहुंच में रहें, इसके लिए जन आरोग्य योजना के दायरे में 2400 बीमारियों को शामिल किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि न्यू एरा हॉस्पिटल में मरीजों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा। हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. आनंद संचेती ने बताया कि अस्पताल में 300 बेड की सुविधा उपलब्ध है। यहां AI आधारित डिजिटल मैमोग्राफी और त्वरित MRI जैसी आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे विशेष रूप से कैंसर मरीजों को लाभ मिलेगा। संस्था की ओर से भविष्य में मरीजों के लिए अन्य स्वास्थ्य परियोजनाएं शुरू करने की भी योजना है। कार्यक्रम में पूर्व सांसद अजय संचेती, विजय दर्डा, विधायक कृष्णा खोपडे, चैनसुख संचेती, उज्ज्वल पगारिया, डॉ. निलेश अग्रवाल, हेल्थकेयर इन्वेस्टमेंट की प्रियंका सावंत, विधिरा मिश्रा सहित अन्य उपस्थित थे। अंत में डॉ. निलेश अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।
