नेरुल स्टेशन के बाहर युवती की चाकू से हत्या, प्रेमी गिरफ्तार

चार साल से संबंध में थे दोनों, शादी से इनकार और शक को लेकर बढ़ा विवाद, आरोपी 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में

नवी मुंबई। नेरुल रेलवे स्टेशन के पूर्वी हिस्से में बस स्टॉप के पास एक युवती पर चाकू से हमला किए जाने के बाद उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मृत युवती की पहचान सादिया शेख के रूप में हुई है, जबकि आरोपी दानिश अंसारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सादिया और दानिश पिछले करीब चार वर्षों से रिश्ते में थे और दोनों ने शादी करने का भी निर्णय लिया था। हालांकि पिछले कुछ महीनों से सादिया कथित रूप से दानिश से दूरी बनाने लगी थी और शादी से इनकार कर रही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। जांच में यह भी सामने आया है कि दानिश को शक था कि सादिया किसी अन्य युवक के संपर्क में है। पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर को सादिया के नेरुल आने की जानकारी मिलने के बाद दानिश उसका पीछा करते हुए बस स्टॉप तक पहुंचा। वहां दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोप है कि दानिश ने चाकू से सादिया पर कई वार किए। हमले के बाद वह मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल सादिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान 21 अक्टूबर को उसकी मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था, जिसे बाद में हत्या की धारा में परिवर्तित कर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अजय कांबळे के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। बाद में दानिश को घणसोली स्थित उसके एक रिश्तेदार के घर से हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 28 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। मामले में पुलिस घटना के पीछे की पूरी वजह, दोनों के बीच पुराने विवाद और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *