मुंढवा जमीन मामले में सुनेत्रा पवार कार्यालय के दो OSD को नोटिस

करीब 40 एकड़ सरकारी जमीन के सौदे की जांच तेज, व्हाट्सऐप चैट और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल करेगी EOW

पुणे। मुंढवा स्थित सरकारी जमीन के कथित अनियमित सौदे की जांच अब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के कार्यालय तक पहुंच गई है। आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने उनके कार्यालय में कार्यरत दो विशेष कार्य अधिकारियों (OSD) को पूछताछ के लिए नोटिस भेजे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारी इससे पहले तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निजी सहायक के रूप में कार्यरत थे। मामला करीब 40 एकड़ सरकारी जमीन के लेन-देन से जुड़ा है, जिसका संबंध अमेडिया एंटरप्राइजेज LLP से है। यह कंपनी पार्थ पवार से जुड़ी है। इस जमीन सौदे को लेकर पहले से ही आर्थिक अपराध शाखा और अन्य विभागों की जांच चल रही है। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संबंधित अधिकारियों की इस सौदे में कोई प्रशासनिक भूमिका थी या नहीं। सामाजिक कार्यकर्ता विजय कुंभार और अंजली दमानिया भी पहले इन अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठा चुके हैं। इन आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही होगी। मामले की जांच के दौरान कुछ व्हाट्सऐप चैट और डिजिटल साक्ष्य मिलने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि जांच अधिकारी इन संदेशों के जरिए यह समझने का प्रयास करेंगे कि संबंधित अधिकारियों और जमीन सौदे से जुड़े अन्य व्यक्तियों के बीच किस तरह का संवाद हुआ था।
नोटिस कितने लोगों को, इस पर स्पष्टता नहीं
पुणे पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने नोटिस जारी किए जाने की पुष्टि की है, लेकिन कुल कितने लोगों को नोटिस भेजे गए हैं, इस बारे में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। कुछ रिपोर्टों में दो अधिकारियों का उल्लेख है, जबकि जांच के दायरे में अन्य लोगों के होने की भी चर्चा है। अधिकारियों का कहना है कि नोटिस जांच प्रक्रिया का हिस्सा हैं और संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि जमीन सौदे में प्रशासनिक स्तर पर किसकी क्या भूमिका थी। मुंढवा जमीन सौदे को लेकर इससे पहले भी कार्रवाई हो चुकी है। सरकारी जमीन के हस्तांतरण और स्टांप ड्यूटी से जुड़े सवालों पर अधिकारियों के खिलाफ जांच और विभागीय कार्रवाई की गई है। अमेडिया एंटरप्राइजेज LLP से संबंधित स्टांप ड्यूटी का मामला भी राजस्व अधिकारियों के समक्ष पहुंच चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *