CSMT में छत का हिस्सा गिरा, दो यात्री घायल
बुकिंग हॉल के प्रवेश द्वार के पास हुआ हादसा, RLDA के काम से जुड़ा था गिरा हिस्सा, कारणों की जांच जारी

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) में गुरुवार रात करीब 10.05 बजे बुकिंग हॉल के प्रवेश द्वार के पास छत का एक हिस्सा गिरने से दो यात्री घायल हो गए। मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, गिरा हुआ हिस्सा रेल भूमि विकास प्राधिकरण (RLDA) द्वारा किए जा रहे कार्य से संबंधित था। घायल यात्रियों की पहचान विनायक बालू हटकर (28) और अयान नौशाद मतवांकर (24) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद दोनों को सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज और चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। मध्य रेलवे के अनुसार, विनायक हटकर के सिर के दाहिने हिस्से में करीब 3 से 4 सेंटीमीटर का कट लगा, जिस पर टांके लगाए गए। वहीं अयान मतवांकर की बाईं ऊपरी पलक पर चोट आई है। उनके दाहिने कंधे के पिछले हिस्से और गर्दन पर खरोंचें भी आईं। उन्होंने दाहिने टखने में दर्द और सूजन की शिकायत भी की। घटना के बाद संबंधित क्षेत्र की जांच की गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि छत का जो हिस्सा गिरा, वह CSMT परिसर में RLDA द्वारा किए जा रहे विकास कार्य से जुड़ा था। हालांकि छत का हिस्सा गिरने का सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। घटना की परिस्थितियों और तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है। आगे की विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
