रेलवे ओवरब्रिज से गिरकर मामा-भांजे की मौत
दशहरा मेला देखकर लौट रहे थे दोनों, बाइक रैलिंग से टकराई, एक ने सीएचसी और दूसरे ने जिला अस्पताल में दम तोड़ा

बिलारी, उत्तर प्रदेश। सिरसी रोड स्थित रेलवे ओवरब्रिज पर गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों सहसपुर का दशहरा मेला देखकर अभनपुर गांव लौट रहे थे। बाइक अनियंत्रित होकर पुल की रैलिंग से टकरा गई, जिससे दोनों उछलकर सड़क पर गिर पड़े। मृतकों की पहचान रामपुर जिले के थाना शाहबाद अंतर्गत भौंरकी गांव निवासी मनमोहन (30) और उसके भांजे विष्णु सिंह (21) के रूप में हुई है। मनमोहन थाना सोनकपुर के अभनपुर नरोली गांव में अपनी बहन रीनू देवी के घर आया हुआ था। परिजनों के अनुसार, गुरुवार शाम विष्णु अपने मामा मनमोहन को बाइक से बिलारी के सहसपुर गांव में दशहरा मेला दिखाने ले गया था। देर रात दोनों वापस लौट रहे थे। बाइक विष्णु चला रहा था और मनमोहन पीछे बैठा था। राजा का सहसपुर रेलवे क्रॉसिंग के ऊपर बने रेलवे ओवरब्रिज से पश्चिमी ढाल की ओर उतरते समय बाइक अनियंत्रित होकर पुल की बाईं रैलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरे, जबकि बाइक रैलिंग में ही फंसी रह गई। राहगीरों की सूचना पर बिलारी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी बिलारी भेजा। वहां डॉक्टरों ने मनमोहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल विष्णु को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के विष्णु की भी मौत हो गई। थाना बिलारी प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बाद में दोनों की मौत की सूचना मिलने पर शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, हादसे के संबंध में परिजनों की ओर से फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है।
