मुंबई में आपातकालीन मदद के लिए फायर ब्रिगेड ने जारी किए पांच वैकल्पिक मोबाइल नंबर

101 सेवा में तकनीकी बाधा आने पर नागरिक कर सकेंगे सीधे संपर्क, हर साल आते हैं 15 हजार से अधिक आपातकालीन कॉल

मुंबई। आग, इमारत गिरने, सड़क दुर्घटना, पेड़ गिरने, पानी में डूबने और अन्य आपातकालीन घटनाओं के दौरान नागरिकों को समय पर मदद मिल सके, इसके लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के मुंबई फायर ब्रिगेड ने 101 आपातकालीन नंबर के साथ पांच वैकल्पिक मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए हैं। मुंबई फायर ब्रिगेड की ओर से जारी वैकल्पिक नंबर 9076333101, 9076333102, 9076333103, 9076333104 और 9076333105 हैं। 101 नंबर की सेवा में किसी तकनीकी खराबी के कारण संपर्क बाधित होने की स्थिति में नागरिक इन नंबरों का उपयोग कर सकेंगे। फायर ब्रिगेड के अनुसार, 101 आपातकालीन टेलीफोन सेवा महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (MTNL) के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। तकनीकी खराबियों और मरम्मत के लिए उपलब्ध मानव संसाधन की कमी के कारण कभी-कभी सेवा प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी को देखते हुए आपातकालीन संपर्क व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। फायर ब्रिगेड के मुख्य नियंत्रण कक्ष में 101 के अलावा पहले कोई अन्य वैकल्पिक संपर्क व्यवस्था उपलब्ध नहीं थी। किसी बड़ी दुर्घटना के दौरान 101 नंबर लगातार व्यस्त रहने पर अन्य संचार कार्य भी प्रभावित हो सकते थे। नई व्यवस्था से ऐसी परिस्थितियों में संपर्क बनाए रखने में मदद मिलेगी।
मुंबई फायर ब्रिगेड के मुख्य नियंत्रण कक्ष को हर साल 15 हजार से अधिक आपातकालीन कॉल प्राप्त होते हैं। इनमें आग लगने के अलावा इमारत गिरने, वाहन दुर्घटना, जानवर या पक्षियों के फंसने, समुद्र या तालाब में लोगों के डूबने, पेड़ गिरने और सड़क पर तेल फैलने जैसी घटनाएं शामिल होती हैं। मुंबई फायर ब्रिगेड के वर्तमान ढांचे में 35 फायर स्टेशन, भायखला स्थित मुख्य नियंत्रण कक्ष, भायखला, वडाला, मरोल, बोरीवली, मानखुर्द और विक्रोली में छह क्षेत्रीय कमांड सेंटर, 19 छोटे फायर स्टेशन तथा 22 त्वरित प्रतिक्रिया वाहन शामिल हैं। BMC ने नागरिकों से अपील की है कि आपातकालीन स्थिति में पहले 101 नंबर पर संपर्क करें और सेवा उपलब्ध न होने या तकनीकी परेशानी की स्थिति में जारी किए गए वैकल्पिक मोबाइल नंबरों का उपयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *