पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम फडणवीस ने 154 शहीद पुलिसकर्मियों को दी श्रद्धांजलि

नायगांव पुलिस मुख्यालय में स्मृति स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित किया, पुलिस बल ने दी शस्त्र सलामी

मुंबई। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नायगांव पुलिस मुख्यालय स्थित स्मृति स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर पिछले एक वर्ष में देशभर में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कर्तव्य निभाते हुए वीरगति प्राप्त 36 पुलिस अधिकारियों और 118 पुलिस कर्मियों सहित कुल 154 शहीदों की स्मृति को नमन किया और उनके बलिदान को याद किया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष अधिवक्ता राहुल नार्वेकर, मुंबई उपनगर के सह-पालकमंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा, महापौर ऋतु तावड़े, गृह विभाग की अपर मुख्य सचिव मनीषा पाटणकर-म्हैसकर, पुलिस महानिदेशक सदानंद दाते और मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती ने भी स्मृति स्तंभ पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। पुलिस बल की ओर से शहीदों के सम्मान में बंदूकों से सलामी दी गई। पूरे कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिसकर्मियों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया। मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस दौरान विभिन्न देशों के दूतावासों से आए आमंत्रित प्रतिनिधियों, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों से भी मुलाकात की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *