वाशी के कोपरी तालाब में दो बच्चे डूबे, एक का शव बरामद, दूसरे की तलाश जारी
रेस्क्यू में देरी और सुरक्षा इंतजामों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी, NMMC की व्यवस्था पर उठे सवाल

इंद्र यादव/नवी मुंबई। वाशी स्थित कोपरी गांव के तालाब में बुधवार सुबह दो बच्चों के डूबने की दर्दनाक घटना सामने आई। हादसे के बाद चलाए गए बचाव अभियान में एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक टीम मौके पर देर से पहुंची। नागरिकों का कहना है कि यदि बचाव दल समय पर पहुंच जाता तो बच्चों को बचाने की संभावना बढ़ सकती थी। हालांकि प्रशासन की ओर से इस आरोप पर तत्काल आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। रेस्क्यू अभियान के दौरान तालाब में जमा भारी गाद और कचरा भी खोजबीन में बड़ी बाधा बन रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त आधुनिक बचाव उपकरण और प्रशिक्षित गोताखोरों की व्यवस्था नहीं होने के कारण अभियान प्रभावित हुआ। नागरिकों ने कोपरी तालाब की सफाई, गहरीकरण और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि तालाब के चारों ओर पर्याप्त फेंसिंग, चेतावनी संकेत या अन्य सुरक्षा व्यवस्था होती तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। दूसरे बच्चे की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है और तालाब में खोज अभियान जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तालाब की नियमित सफाई, गाद निकालने, सुरक्षा घेरा लगाने और आपातकालीन बचाव व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं।
