मध्यप्रदेश पुलिस में 18,500 पदों पर होगी भर्ती, विजयादशमी पर मुख्यमंत्री मोहन यादव का बड़ा ऐलान

इंदौर पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन, ‘पुलिस सेतु’ ऐप का शुभारंभ, सड़क सुरक्षा के लिए 51 दोपहिया वाहनों को दिखाई हरी झंडी

इंदौर, मध्य प्रदेश। विजयादशमी के अवसर पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में पुलिस विभाग के रिक्त पदों को भरने की दिशा में काम किया जाएगा। मुख्यमंत्री इंदौर की जिला पुलिस लाइन में आयोजित शस्त्र पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां कालका की पूजा-अर्चना की। उन्होंने पारंपरिक तलवार, भाले और आधुनिक एके-47 सहित विभिन्न अस्त्र-शस्त्रों का विधि-विधान से पूजन किया। इसके साथ ही पुलिस वाहनों और अश्वों का पूजन कर शस्त्रागार का अवलोकन भी किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कन्या पाद पूजन किया, जबकि महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
पुलिसकर्मियों की चुप्पी पर मुख्यमंत्री ने ली चुटकी
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस भर्ती की घोषणा की, लेकिन मैदान में उपस्थित पुलिसकर्मी शांत बैठे रहे।
इस पर मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि पुलिस बिना आदेश के तालियां भी नहीं बजाती। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पुलिस में लाठी और ताली, दोनों के लिए आदेश की आवश्यकता पड़ती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस का अनुशासन उसकी सबसे बड़ी विशेषताओं में से एक है, लेकिन बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहन और सम्मान मिलना भी जरूरी है।
प्रदेश के विभिन्न विभागों में 85 हजार पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया
मुख्यमंत्री ने बताया कि पुलिस विभाग में 18,500 पदों पर भर्ती का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में कुल 85 हजार पदों पर नियुक्तियों की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने आगामी वर्ष को युवा वर्ष के रूप में मनाने और मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से विशेष परीक्षा आयोजित करने की बात भी कही। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में पुलिस बैंड विकसित करने की योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि इसके लिए 750 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इंदौर पुलिस के ‘पुलिस सेतु’ ऐप का शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर पुलिस द्वारा विकसित ‘पुलिस सेतु’ ऐप का शुभारंभ किया। इस ऐप के माध्यम से नागरिक अपने स्थान के आधार पर संबंधित पुलिस थाने, ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और आवश्यक संपर्क संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक का उपयोग पुलिस और आम नागरिकों के बीच संवाद को बेहतर बनाने तथा पुलिस सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
सड़क सुरक्षा के लिए 51 दोपहिया वाहन रवाना
मुख्यमंत्री ने यातायात प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से उपलब्ध कराए गए 51 दोपहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन एक संस्थान द्वारा ‘ट्रैफिक सेफ सिटी’ परियोजना के अंतर्गत उपलब्ध कराए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इंदौर पुलिस द्वारा नागरिक सुरक्षा और बेहतर पुलिसिंग के लिए किए जा रहे नवाचारों की सराहना की।
‘शस्त्र पूजन शक्ति प्रदर्शन नहीं, नागरिक सुरक्षा का संकल्प’
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि शस्त्र पूजन केवल शक्ति का प्रदर्शन नहीं, बल्कि नागरिकों की रक्षा करने, समाज के कष्ट दूर करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के दायित्व का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने चौबीसों घंटे नागरिकों की सुरक्षा में जुटे पुलिसकर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए उनके परिवारों के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता की प्रशंसा करते हुए कहा कि बेटियां हर जिम्मेदारी को पूरी कुशलता और सामर्थ्य के साथ निभाने में सक्षम हैं।
इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में 1,721 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति
समारोह में पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि इंदौर पुलिस कमिश्नरेट में 1,721 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर के पुलिस विभाग में 27,500 से अधिक पदोन्नतियां हुई हैं। कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला और मालिनी गौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *