
ठाणे। बदलापुर पूर्व स्थित मोरया ज्वेलर्स में करोड़ों रुपये के सोने के गहनों की कथित ठगी और अमानत में खयानत के मामले में उल्हासनगर क्राइम ब्रांच (यूनिट-4) ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 865 ग्राम सोने के गहने, जिनकी कीमत ₹1,12,42,283 आंकी गई है, बरामद कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी रोहित मल्हारी आंधळे ने बदलापुर पूर्व के आपटेवाडी रोड स्थित मोरया ज्वेलर्स में ग्राहकों और सर्राफा व्यापारियों का विश्वास जीतकर उनसे बड़ी मात्रा में सोने के गहने लिए और बाद में फरार हो गया। मामले में बदलापुर पूर्व पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए उल्हासनगर क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने समानांतर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस हवलदार मंगेश जाधव को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अहिल्यानगर में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की विशेष टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसे 29 जुलाई 2026 को विधिवत हिरासत में लिया गया। पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ में आरोपी ने ग्राहकों के साथ ठगी करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 865 ग्राम सोने के गहने बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹1.12 करोड़ से अधिक है। पुलिस का दावा है कि मामले में ठगी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीरंग गोसावी कर रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने वारदात को किस तरह अंजाम दिया और क्या इस मामले में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है।
यह कार्रवाई पुलिस सह आयुक्त (अपराध) डॉ. पंजाबराव उगले, पुलिस उपायुक्त (अपराध) अमरसिंह जाधव तथा सहायक पुलिस आयुक्त शेखर वागड़े के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेश गज्जल, सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीरंग गोसावी, पुलिस उपनिरीक्षक अशोक पवार, बबन बांडे तथा क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के कीमती आभूषण या धनराशि का लेन-देन केवल विश्वसनीय और विधिवत दस्तावेजी प्रक्रिया के माध्यम से ही करें, ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी से बचा जा सके।





